रामगढ़। जिले के हेहल स्थित मां छिन्मस्तिका सीमेंट एंड इस्पात प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में शुक्रवार देर रात टरबाइन ब्लास्ट होने से तीन इंजीनियरों की मौत हो गई, जबकि एक इंजीनियर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल इंजीनियर का रांची के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
फैक्ट्री में कार्यरत इंजीनियर अमित कुमार के मुताबिक, टरबाइन पैनल कंट्रोल रूम का एसी पिछले कई दिनों से खराब था। इसकी जानकारी फैक्ट्री प्रबंधन को दी गई थी, लेकिन आरोप है कि समस्या को दूर करने के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई।
रात 11:10 बजे हुआ जोरदार ब्लास्ट
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात शिफ्ट इंचार्ज संजीव केसरी के साथ इंजीनियर विनीत महतो, अभिषेक पांडेय और तरुण रवानी ड्यूटी पर तैनात थे। रात करीब 11:10 बजे ओवरहीटिंग के कारण पैनल सिस्टम फेल हो गया।मौके पर मौजूद इंजीनियरों ने इमरजेंसी सिस्टम शुरू करने का प्रयास किया, लेकिन सिस्टम चालू नहीं हो सका। इसी दौरान तेज आवाज के साथ टरबाइन में ब्लास्ट हो गया।
तेल फैलने से लगी भीषण आग
ब्लास्ट के बाद टरबाइन के अंदर का तेल बाहर फैल गया, जिससे मौके पर आग लग गई। आग की चपेट में आने से शिफ्ट इंचार्ज संजीव केसरी, इंजीनियर अभिषेक पांडेय और इंजीनियर विनीत महतो की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
वहीं, इंजीनियर तरुण रवानी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल इलाज के लिए रांची के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।घटना के बाद फैक्ट्री कर्मचारियों में आक्रोश है। कर्मचारियों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर सुरक्षा व्यवस्था में कथित लापरवाही का आरोप लगाया है।

