पंकज श्रीवास्तव, छपरा। सारण जिले के छपरा हाजीपुर सड़क मार्ग पर दिघवारा थाना क्षेत्र के सैदपुर गांव के समीप रविवार की देर रात्रि टेंपू और स्कॉर्पियो की टक्कर में टेंपू पर सवार एक ही गांव के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि उसी पर सवार पांच यात्री घायल हो गए. घटना के बाद अफरातफरी मच गई और पुलिस व ग्रामीणों के सहयोग से देर रात घायलों को सीएचसी दिघवारा पहुंचाया गया, जहां सभी घायलों का प्राथमिक उपचार करने के बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया.

तिलक समारोह से लौटते समय हादसा

मिली जानकारी के अनुसार घटना में शामिल सभी लोग दिघवारा के मानुपुर से तिलक में शामिल होकर घर लौट रहे थे। इस दौरान यह हादसा हो गया। मृतकों की पहचान अवतारनगर थाना क्षेत्र के झौंवा बसंत निवासी स्व राजेश्वर मांझी के 17 वर्षीय पुत्र बृजमोहन मांझी और इसी गांव के विशुनदेव राम की 48 वर्षीय पत्नी लालझरी देवी के रूप में हुई है. वहीं, एक अन्य की मौत हुई है। जबकि घायलों की पहचान इसी गांव के स्व जनक राम के 60 वर्षीय पुत्र शंकर राम, मनोज राम की 15 वर्षीय बेटी रिया कुमारी, सत्यदेव राम की 45 वर्षीय पत्नी सुमित्रा देवी, रामबाबू मांझी के 30 वर्षीय पुत्र वीरेंद्र मांझी और रुदल राम की 50 वर्षीया पत्नी लालमुनि देवी के रूप में हुई है.

टेंपू के उड़े परखच्चे

स्थानीय लोगों के मुताबिक झौवा बसंत से ये सभी लोग दिघवारा थाना क्षेत्र के मानूपुर निवासी पुलिस राम के यहां तिलक समारोह में शामिल होकर टेंपू से घर लौट रहे थे तभी सैदपुर गांव के समीप तेज रफ्तार की स्कॉर्पियो ने टेंपू में ठोकर मार दी. टक्कर इतनी भयावह थी कि टेंपू के परखच्चे उड़ गए और टेंपू पर सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

परिजनों में पसरा मातम

घटना की सूचना मिलने पर दिघवारा थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को दिघवारा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डाक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया. घटना की जानकारी मिलने पर तिलक वाले घर का उत्साह मातमी सन्नाटा में बदल गया. पुलिस ने दोनों वाहनों को जप्त करते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया गया. फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है.

ये भी पढ़ें- शादी के महज 17 दिन बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत से सनसनी, पुलिस ने पति को किया गिरफ्तार