सुशीला देवी गुडगांव। गुरुग्राम साइबर पुलिस ने सोशल मीडिया पर लड़की बनकर लोगों को प्रेमजाल में फंसाकर ठगी करने वाले तीन नाइजीरियाई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी इंस्टाग्राम पर फर्जी महिला प्रोफाइल बनाकर लोगों से दोस्ती करते थे और भारत आने का झांसा देकर रजिस्ट्रेशन फीस, करेंसी एक्सचेंज और एंटी मनी लॉन्ड्रिंग के नाम पर पैसे ऐंठते थे।
मामला उस समय सामने आया जब एक व्यक्ति ने थाना साइबर अपराध पश्चिम, गुरुग्राम में शिकायत दी कि इंस्टाग्राम पर उसकी एक लड़की से बातचीत हुई। लड़की ने खुद को मुंबई एयरपोर्ट पर फंसा होना बताया और चेक को भारतीय मुद्रा में बदलवाने के लिए 69,900 रुपये मांगे। पीड़ित ने बताए गए खाते में पैसे ट्रांसफर कर दिए, लेकिन बाद में और रकम मांगने पर उसे ठगी का अहसास हुआ।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 14 मई 2026 को नोएडा से तीन आरोपियों — चिनेडु, जेम्स संडे और जूल्स ककाओ — को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि एक आरोपी बांग्लादेश के रास्ते अवैध रूप से भारत आया था, जबकि दो आरोपी स्टडी वीजा पर आए थे। तीनों के पास कोई वैध पासपोर्ट या वीजा नहीं मिला।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 19 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और 18 भारतीय व अंतरराष्ट्रीय सिम कार्ड बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से अन्य साइबर ठगी मामलों को लेकर गहन पूछताछ कर रही है।

