अजयारविंद नामदेव, शहडोल। मध्यप्रदेश के शहडोल आईजी के आदेश की अवहेलना करना तीन पुलिसकर्मियों को भारी पड़ गया। समय पर जानकारी नहीं देने और जींस पहनकर पेश होने पर 3 पुलिसकर्मी को सस्पेंड कर दिया है। कर्तव्य के प्रति लापरवाही एवं अनुशासनहीनता बरतने पर प्रधान आरक्षक प्रवीण कुमार तिवारी, रीडर शाखा में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक परवेज खान, आरक्षक गौरव सिंह को निलंबित किया है।
प्रधान आरक्षक जींस पहनकर उपस्थित हुए
दरअसल पुलिस महानिरीक्षक शहडोल जोन एन चैत्रा ने निलंबन की कार्रवाई की है। आईजी ने उप पुलिस अधीक्षकों के थाना भ्रमण और बैठक संबंधी जानकारी मांगी थी। पूछताछ के दौरान प्रधान आरक्षक प्रवीण कुमार तिवारी जिंस पहनकर उपस्थित हुए, जिसे पुलिस विभाग की अनुशासनहीनता और वर्दी संबंधी नियमों का उल्लंघन माना गया।
उनकी मूल इकाई में वापसी के आदेश
इसके अलावा रीडर शाखा में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक परवेज खान, प्रधान आरक्षक प्रवीण तिवारी तथा आरक्षक, गौरव सिंह द्वारा आवश्यक जानकारी समय पर प्रस्तुत नहीं की गई। जिसे गंभीर लापरवाही माना गया। प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर पुलिस महानिरीक्षक ने तीनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए उनकी मूल इकाई में वापसी के आदेश दिए हैं।


