Rajat Patidar: टीम इंडिया के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव को टीम इंडिया की जर्सी पहनने में लंबा वक्त लग गया था. उन्होंने 30 साल की उम्र में भारत के लिए अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था. वो 14 मार्च 2021 को इंग्लैंड के खिलाफ अहमदाबाद में नीली जर्सी पहनकर पहली बार उतरे थे. अब सूर्या से भी उम्रदराज एक खिलाड़ी आईपीएल के बाद टीम इंडिया के लिए टी20 में डेब्यू कर सकता है. ये वही खिलाड़ी है, जो क्रीज पर आते ही छक्के बरसाता है. स्पिनर्स के खिलाफ तो उसका बल्ला गोली की रफ्तार से चलता है. महज कुछ ही गेंदों में मैच को अपनी टीम के पाले में लाने की जबरदस्त क्षमता है.
यहां जिस खिलाड़ी की बात हो रही है, उसके साथ सबसे अच्छी बात ये है कि वो इन दिनों गजब के फॉर्म में भी हैं. आईपीएल 2025 में इस खिलाड़ी की बैटिंग देख फैंस तो ये मानकर चल रहे हैं कि वो सूर्यकुमार यादव की तरह ही दुनिया का सबसे खतरनाक बल्लेबाज बनने की क्षमता रखता है. अब सवाल ये है कि आखिर यह खिलाड़ी है कौन? जिसकी यहां इतनी तारीफ हो चुकी है.
आखिर कौन है ये खतरनाक बल्लेबाज?

ये कोई और नहीं बल्कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के कप्तान रजत पाटीदार हैं, जिन्होंने आईपीएल 2025 में अपनी कप्तानी में RCB को पहली बार खिताब जिताया था. पिछले सीजन बल्ले से तबाही मचाने वाले रजत इस बार भी गजब के फॉर्म में चल रहे हैं. 15 अप्रैल यानी बुधवार को खेले गए IPL मैच में RCB ने लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को 5 विकेट से हरा दिया. इस मैच में रजत पाटीदार ने 13 बॉल पर 3 छक्के और 1 चौके की मदद से 27 रन ठोके.
रजत पाटीदार की खासियत?

पिछले कुछ सीजन से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए छक्कों की बारिश करने वाले रजत पाटीदार आईपीएल 2026 के बाद टीम इंडिया के लिए T20I में डेब्यू कर सकते हैं. वो प्रबल दावेदार बन चुके हैं. 32 साल की उम्र में यह खिलाड़ी मिडिल ऑर्डर में आकर ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करता है. स्पिन गेंदबाज हो या तेज गेंदबाज, यह बल्लेबाज सभी के खिलाफ हावी होकर खेलता है. खास बात ये है कि पाटीदार जितने बल्ले से घातक हैं, उतना ही वो अपने दिमाग को कूल रखते हैं. किसी भी तरह का दबाव नहीं लेते, जो उनकी सफलता का राज भी है.
आईपीएल 2026 में रजत ने अब तक क्या किया?

IPL 2026 में RCB ने अब तक 5 मैच खेले, जिनमें से 4 जीते. 8 अंकों के साथ वो पॉइंट टेबल में नंबर 1 पर काबिज हैं. 5 मैचों में रजत पाटीदार ने अभी तक 55.50 की औसत और 213.46 की स्ट्राइक रेट से 222 रन बनाए हैं. उनके बल्ले से 2 फिफ्टी भी निकलीं. हाईएस्ट स्कोर इस दौरान 63 रन रहा है. रजत पाटीदार अक्सर पावरप्ले के बाद बल्लेबाजी करने के लिए आते हैं, जब बल्लेबाज के लिए फील्ड पर हालात थोड़े मुश्किल होते हैं. इसके बावजूद वह चौके और छक्कों की बरसात कर मिडिल ओवर्स में भी जमकर रन लूटते हैं. यही वजह है कि उन्होंने 5 मैचों में 12 चौके और 21 छक्के जड़ दिए हैं.
कैसा है रजत का आईपीएल करियर?
रजत पाटीदार घरेलू क्रिकेट में एमपी के लिए खेलते हैं. उनका IPL करियर शानदार रहा है. अब तक RCB के लिए यह खिलाड़ी 47 मैचों में 33.33 की औसत और 161.78 की स्ट्राइक रेट से 1333 रन बना चुका है, जिसमें 1 शतक और 11 अर्धशतक शामिल हैं. रजत के साथ अच्छी बात ये है कि वो ना सिर्फ तूफानी बैटिंग करते हैं, बल्कि पारी को संभालने और साथ ही मैच फिनिश करने की जबरदस्त काबिलियत रखते हैं.
टीम इंडिया के लिए टेस्ट और वनडे खेल चुके हैं पाटीदार
दाएं हाथ के बल्लेबाज रजत पाटीदार भारत के लिए वनडे और टेस्ट फॉर्मेट में खेल चुके हैं. रजत पाटीदार ने 1 वनडे मैच में 22 रन और 3 टेस्ट मैचों में 63 रन बनाए हैं. अब देखना होगा कि क्या आईपीएल 2026 के बाद वो टी20 टीम में डेब्यू करते हैं या सेलेक्टर्स उन्हें इग्नोर कर देते हैं.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

