कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। तिघरा स्थित पुलिस ट्रेनिंग स्कूल में राजस्थान के रंगरूटों पर अनुशासनहीनता करने पर सख्त कार्रवाई की गई है। AI का इस्तेमाल कर खराब खाने के फोटो बना कर पूरे बैच को भड़काने की कोशिश करने पर 36 नव आरक्षकों को जांच के बाद ट्रेनिंग स्कूल से बाहर निकाल दिया गया है। साथ ही राजस्थान पुलिस को भी इसकी रिपोर्ट भेजी गई है।

AI से बनाई खराब खाने की फोटो
दरअसल, राजस्थान पुलिस के 36 नव आरक्षकों ने पूरे बैच को उकसाने के लिए पीटीएस लास्ट आइटम एफआईआर सेल, टोली नंबर तीन जिला सीकर नाम से दो व्हाट्सएप ग्रुप बनाए थे। जिनमें काफी संख्या में नव आरक्षकों को जोड़ा गया था। बीते 10 मार्च को पुलिस ट्रेनिंग स्कूल की फोटो मोबाइल से खींचने के बाद उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल किया था। जिसके जरिए भड़काऊ फोटो और पोस्टर बनाकर ग्रुप में पिछले तीन दिन में कई बार पोस्ट किये। जिसके चलते राजस्थान से ट्रेनिंग करने आए अन्य नव आरक्षको ने हंगामा करना शुरू कर दिया।
ADG ने पुलिस ट्रेनिंग स्कूल SP को दिए जांच के आदेश
माहौल बिगड़ते और मामले की गंभीरता को देखते हुए मध्यप्रदेश पुलिस के एडीजी प्रशिक्षण राजाबाबू सिंह ने पुलिस ट्रेनिंग स्कूल के SP अखिलेश रेनवाल को जांच के आदेश दिए। उनके निर्देश पर डीएसपी प्रशासन विनीता गिल ने जांच पूरी कर अपनी रिपोर्ट सौंपी। जिसमें सभी 36 नवआरक्षकों की अनुशासनहीनता किए जाने की पुष्टि हुई।

नवआरक्षकों को पुलिस ट्रेनिंग स्कूल से निकाला
ऐसे में सभी 36 नवरक्षकों को पुलिस ट्रेनिंग स्कूल तिघरा से बाहर किया गया और राजस्थान पुलिस के इंस्पेक्टर सतवीर यादव के साथ उन्हें यहां से रवाना कर दिया गया। इसके साथ ही अनुशासनहीनता की रिपोर्ट भी पुलिस मुख्यालय राजस्थान भेजी गई है।

