सतीश सिंह, लखनऊ. उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बड़े पैमाने पर पीसीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं. सोमवार को शासन द्वारा जारी आदेश के तहत 363 उपजिलाधिकारियों का स्थानांतरण कर उन्हें नई तैनाती दी गई है. तबादला सूची में प्रदेश के लगभग सभी मंडलों और प्रमुख जिलों के अधिकारी शामिल हैं. यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा और सभी स्थानांतरित अधिकारियों को शीघ्र नए तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं.
जारी सूची के अनुसार प्रदेश के लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, कानपुर नगर, कानपुर देहात, अयोध्या, आगरा, झांसी, बरेली, गाजियाबाद, मेरठ, गाजीपुर, बलिया, सीतापुर, देवरिया, कुशीनगर, सोनभद्र, सहारनपुर, शामली, मुरादाबाद, हरदोई, बाराबंकी, सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर, जौनपुर, अमरोहा, बदायूं, बस्ती, चित्रकूट, कासगंज, लखीमपुर खीरी, हमीरपुर, प्रतापगढ़, रायबरेली, मैनपुरी, बुलंदशहर सहित कई जिलों में तैनात एसडीएम प्रभावित हुए हैं.
इसे भी पढे़ं : BREAKING : श्रीराम मंदिर प्रकरण में SC ने मांगी SIT की स्टेटस रिपोर्ट, UP सरकार और ट्रस्ट को भेजा नोटिस
प्रमुख तबादलों में निशांत तिवारी को ललितपुर से फतेहपुर, संजय यादव को गाजीपुर से प्रतापगढ़, प्रवीण यादव को अयोध्या से बलिया, मोहम्मद जफर को कुशीनगर से सोनभद्र, पिनाकपाणि द्विवेदी को वाराणसी से फतेहपुर, शालिनी देवी को कानपुर देहात से फिरोजाबाद तथा अतुल कुमार सिंह को फर्रुखाबाद से बलरामपुर भेजा गया है. इसके अलावा कई अधिकारियों को सहायक नगर आयुक्त, रजिस्ट्रार और अन्य प्रशासनिक पदों से वापस एसडीएम के पद पर और कुछ एसडीएम को नगर निकायों और अन्य संस्थानों में नई जिम्मेदारी दी गई है.
प्रशासनिक हलकों में इस तबादला सूची को आगामी प्रशासनिक जरूरतों, राजस्व कार्यों में तेजी और कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

