राकेश कथूरिया, कैथल। पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RSETI), कैथल में आयोजित 38 दिवसीय सहायक बुक कीपर प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुक्रवार को समापन हो गया। 29 जून से 7 अगस्त 2026 तक चले इस प्रशिक्षण में 27 युवक-युवतियों ने सफलतापूर्वक प्रशिक्षण प्राप्त किया।

युवाओं को आत्मनिर्भर बनने का दिया संदेश

समापन समारोह में मुख्य अतिथि एवं अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) सुमन कुमार ने सभी प्रशिक्षुओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सहायक बुक कीपर की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे में प्रशिक्षित युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध हैं। उन्होंने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान और कौशल का प्रभावी उपयोग कर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।

लेखांकन से लेकर टैली और डिजिटल भुगतान तक मिला व्यावहारिक प्रशिक्षण

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को बुक कीपिंग, लेखांकन, जीएसटी की मूल जानकारी, बैंकिंग प्रक्रियाएं, एमएस एक्सेल, टैली, डिजिटल भुगतान प्रणाली, उद्यमिता विकास, ग्राहक व्यवहार और स्वरोजगार से जुड़े विभिन्न विषयों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP), बैंक ऋण और वित्तीय साक्षरता से संबंधित जानकारी भी दी गई।

ग्रामीण युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर जोर

संस्थान के निदेशक जगदीश कुमार ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य ग्रामीण युवक-युवतियों को गुणवत्तापूर्ण कौशल प्रशिक्षण देकर आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त युवा अपना स्वरोजगार शुरू करने के साथ अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा कर सकते हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को नियमित अभ्यास, आत्मविश्वास और निरंतर सीखने की आदत बनाए रखने की सलाह दी।

प्रशिक्षुओं ने जताया आभार

कार्यक्रम के अंत में प्रशिक्षुओं ने संस्थान द्वारा दिए गए प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से निदेशक जगदीश कुमार के निरंतर मार्गदर्शन और प्रोत्साहन की सराहना की। इस अवसर पर संस्थान की संकाय सदस्य पुष्पा देवी, रेनू, ऑफिस असिस्टेंट जितेंद्र तथा सभी प्रशिक्षु उपस्थित रहे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m