वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले के नगरनौसा थाना क्षेत्र में हुए चर्चित एसबीआई सीएसपी लूटकांड का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। इस मामले में चार हथियारबंद अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। इतना ही नहीं, जांच के दौरान पुलिस ने एक और बड़ी साजिश का भी पर्दाफाश कर दिया, जिससे एक और बैंक लूट की घटना होने से पहले ही टल गई।
हथियार के बल पर की थी लूटपाट
पुलिस के अनुसार, 1 अगस्त को दोपहर करीब 12:30 बजे चार अपराधी नगरनौसा थाना क्षेत्र के महमदपुर स्थित संदीप पटेल के एसबीआई सीएसपी केंद्र में घुस गए। हथियार का भय दिखाकर बदमाशों ने एक बैग लूट लिया, जिसमें मारफो कंपनी का फिंगरप्रिंट डिवाइस, एसबीआई चेकबुक, 5 हजार रुपये नकद और एचपी कंपनी का लैपटॉप रखा था। वारदात के बाद सभी अपराधी पल्सर 220 बाइक से फरार हो गए।
घटना के बाद नगरनौसा थाना पुलिस ने एसटीएफ और डीआईयू की तकनीकी सहायता से जांच शुरू की। पुलिस ने चारों आरोपियों निरज कुमार, अकलू कुमार, सूरज राज और अनिकेत कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।
लूट का सामान और पैसा बरामद
सुरक्षा डीएसपी सह हिलसा प्रभारी डीएसपी रंजन कुमार ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों के पास से 3200 रुपये नकद, लूटा गया एचपी लैपटॉप, चार मोबाइल फोन, वारदात में प्रयुक्त पल्सर 220 बाइक तथा घटना के समय पहने गए कपड़े और चप्पल बरामद किए गए हैं।
लूट की दूसरी योजना बना रहे थे आरोपी
पूछताछ के दौरान आरोपी अकलू कुमार के मोबाइल से एक संदिग्ध वीडियो मिला। जांच में खुलासा हुआ कि यह वीडियो एकंगरसराय थाना क्षेत्र के रामभवन स्थित ग्रामीण बैंक का था। अपराधी वहां अगली लूट की वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे और बैंक की रैकी कर वीडियो अपने साथी को भेजा था, जिसे पुलिस ने समय रहते इस साजिश को विफल कर दिया।
इस पूरे ऑपरेशन को पुलिस निरीक्षक चंदन कुमार, चन्द्रभानु, आलोक कुमार, थानाध्यक्ष शशिरंजन कुमार मिश्रा सहित एसटीएफ, डीआईयू और नगरनौसा थाना की संयुक्त टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
ये भी पढ़ें- लव मैरिज से नाराज परिवार ने निकाली जिंदा बेटी की अर्थी, सिर मुंडवाकर किया प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार


