रांची। झारखंड के चार प्रमुख शहरों में जल्द ही इलेक्ट्रिक बसों का परिचालन शुरू करने की तैयारी है। सरकार ने रांची, जमशेदपुर, धनबाद और बोकारो में कुल 400 ई-बसें चलाने का प्रस्ताव तैयार किया है। योजना के तहत प्रत्येक शहर में 100-100 इलेक्ट्रिक बसें चलाने का प्रस्ताव है। इनमें स्टैंडर्ड, मिडी और मिनी बसें शामिल हो सकती हैं।

PM ई-बस सेवा योजना के तहत खरीदी जाएंगी बसें

प्रस्तावित ई-बसों की खरीद केंद्र सरकार की पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत किए जाने की योजना है। राज्य सरकार की ओर से तैयार प्रस्ताव को वित्त विभाग की मंजूरी के बाद केंद्र सरकार को भेजा जाएगा। केंद्र से मंजूरी मिलने के बाद बसों की खरीद और उनके संचालन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

चारों शहरों में तैयार होगा चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर

ई-बसों के परिचालन से पहले संबंधित शहरों में जरूरी आधारभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके तहत चार्जिंग स्टेशन, बस संचालन व्यवस्था और अन्य आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जाएगा। यात्रियों की जरूरत और शहरों में यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए बसों के रूट निर्धारित किए जाएंगे।

सार्वजनिक परिवहन को मिलेगा बढ़ावा

सरकार का मानना है कि इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से चारों शहरों में लोगों को सुविधाजनक और बेहतर सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध होगा। इससे निजी वाहनों पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही सड़कों पर वाहनों का दबाव घटने और शहरी परिवहन व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित बनाने की उम्मीद है।

प्रदूषण कम करने में भी मिलेगी मदद

ई-बसों के बढ़ते इस्तेमाल से पारंपरिक ईंधन पर निर्भरता कम होने के साथ शहरों में वाहन प्रदूषण को नियंत्रित करने में भी मदद मिल सकती है। यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो रांची समेत झारखंड के चार प्रमुख शहरों के सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।