रांची। छात्रों के लगातार विरोध-प्रदर्शन के बीच झारखंड सरकार ने भर्ती परीक्षाओं को लेकर बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने मंगलवार देर रात 44 भर्ती परीक्षाओं को रद्द किए जाने की सूची जारी की। इन परीक्षाओं में झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की ओर से आयोजित और आउटसोर्सिंग एजेंसी टीडीपीएल (TSR Data Processing Pvt. Ltd.) के माध्यम से संपादित परीक्षाएं शामिल हैं।

सरकार की ओर से इस संबंध में कुल आठ अलग-अलग अधिसूचनाएं जारी की गई हैं। सूची में वर्ष 2014 के बाद JPSC और TDPL के माध्यम से आयोजित विभिन्न भर्ती परीक्षाओं को शामिल किया गया है।

इन प्रमुख भर्तियों पर पड़ा असर

रद्द की गई परीक्षाओं में झारखंड के विश्वविद्यालयों में गैर-शैक्षणिक पदों पर भर्ती, सहायक निदेशक एवं वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी, ड्रग इंस्पेक्टर, सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजों में सहायक प्राध्यापक और सरकारी पॉलिटेक्निक संस्थानों में व्याख्याता पदों की भर्तियां शामिल हैं।इसके अलावा मेडिकल कॉलेजों में सुपर स्पेशलिस्ट पदों पर सहायक प्राध्यापक की भर्ती परीक्षा भी रद्द की गई है।

जारी हुई आठ अधिसूचनाएं

सरकार की ओर से जारी सूची में अलग-अलग श्रेणियों की परीक्षाओं को शामिल करते हुए आठ अधिसूचनाएं जारी की गई हैं। इनमें JPSC द्वारा आयोजित और TDPL एजेंसी के माध्यम से संपादित परीक्षाओं के साथ अन्य संबंधित भर्ती परीक्षाओं का भी विवरण दिया गया है।

छात्रों के आंदोलन के बीच सरकार का फैसला

भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्र लगातार आंदोलन कर रहे हैं। ऐसे में 44 परीक्षाओं को रद्द करने का फैसला सरकार का बड़ा कदम माना जा रहा है। हालांकि, इस फैसले से चयनित अभ्यर्थियों और भर्ती प्रक्रिया से जुड़े उम्मीदवारों की चिंताएं भी बढ़ गई हैं।

सरकार की ओर से जारी अधिसूचनाओं में रद्द की गई परीक्षाओं का विज्ञापन संख्या और भर्ती पदों का विवरण दिया गया है। इनमें विज्ञापन संख्या 09/2025 से लेकर 07/2026 तक की कई महत्वपूर्ण भर्तियां शामिल हैं।