रायपुर। नगर पंचायत समोदा के भाजपा पार्षदों का सीएम को लिखा एक पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा, जिसमें सामूहिक रूप से पद से इस्तीफा देने की बात लिखी गई है। इस पत्र को पीसीसी चीफ दीपक बैज ने ट्वीट कर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। वहीं नगर पंचायत समोदा के उपाध्यक्ष अंगेश्वर देवांगन ने इस पत्र को फर्जी बताया है।

छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि विकास का झूठा गुणगान करने वाली भाजपा के लिए समोदा के भाजपा पार्षदों की यह चिट्ठी उसके दावों पर करारा तमाचा है। भाजपा के ही पांच निर्वाचित पार्षदों ने सामूहिक इस्तीफा देकर स्पष्ट रूप से लिखा है कि क्षेत्र में विकास कार्य ठप पड़े हैं, अधिकारी जनप्रतिनिधियों की बात नहीं सुन रहे हैं और आम जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है।

उन्होंने कहा कि जब सत्ताधारी दल के अपने जनप्रतिनिधि ही व्यवस्था से परेशान होकर इस्तीफा देने को मजबूर हो रहे हैं तो इससे प्रदेश में विकास और प्रशासनिक व्यवस्था की वास्तविक स्थिति उजागर होती है। बैज ने आरोप लगाया है कि भाजपा सरकार विकास के बड़े-बड़े दावे कर रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात इसके विपरीत हैं। उन्होंने कहा कि जनता बुनियादी सुविधाओं और विकास कार्यों के लिए परेशान है, जबकि सरकार केवल प्रचार-प्रसार में व्यस्त है।

narayana

वायरल पत्र में लिखी गई है ये बातें

वायरल पत्र में अंगेश्वर देवांगन उपाध्यक्ष नगर पंचायत समोदा, विक्रांत सोनकर पार्षद, अमर निषाद पार्षद, चेतन साहू, डोमन साहू पार्षद ने इस्तीफा देने की बात कही है। पत्र में लिखा गया है कि हम सभी निर्वाचित पार्षद कुल 5 (भारतीय जनता पार्टी) प्रशासनिक क्रियाकलापों शासकीय कर्मचारियों द्वारा किए उत्पीड़न एवं विकास कार्यों में शून्यता को लेकर अत्यंत पीड़ा में हैं। हमारे वार्डों में नल, नाली, पानी निकासी तक के कार्य नहीं किए जा रहे हैं। इस स्थिति में हम सभी पार्षदों का अपने पद से इस्तीफा देना उचित है। अतः मुख्यमंत्री से निवेदन है कि हम सभी पार्षद (भारतीय जनता पार्टी) का इस्तीफा स्वीकर कर पद से मुक्त करने कि कृपा करें।

नगर पंचायत उपाध्यक्ष ने कहा – लेटर फर्जी है

वहीं इस पत्र को लेकर जब हमने समोदा नगर पंचायत उपाध्यक्ष (भाजपा नेता) अंगेश्वर देवांगन से बात की तो उन्होंने कहा कि ये सब विपक्ष की चाल है। हम सरकार से बहुत खुश हैं। हमने किसी को भी कोई इस्तीफा नहीं दिया है। लेटर पेड को लेकर उन्होंने कहा कि वह भी फर्जी है। भाजपा पार्षद विक्रांत सोनकर ने भी इस्तीफे की बात को निराधार बताया है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H