सुमन कुमार, कटिहार। जिले के फलका थाना क्षेत्र में मोरसंडा पंचायत स्थित वार्ड संख्या-15 में आज तीसरी सोमवारी को एक बड़ा दर्दनाक हादसा हो गया, जहां शिव मंदिर के समीप कमला नदी में स्नान करने के दौरान गहरे पानी में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

गहरे पानी में चले जाने के कारण हादसा

बताया जाता है कि सावन सोमवारी को लेकर पांच बच्चे कमला नदी में स्नान करने गए थे। इसी दौरान सभी बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बच्चों को डूबता देख आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल नदी में उतरकर उन्हें बचाने का प्रयास शुरू किया। ग्रामीणों की काफी मशक्कत के बाद दो बच्चों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया, जबकि तीन बच्चे गहरे पानी में डूब गए।

मृतकों के परिजनों में मचा कोहराम

इस हादसे में अमन कुमार उम्र 12 वर्ष, पिता मनोज साह, माता सुषमा देवी; प्रिंस कुमार उम्र 10 वर्ष, पिता विजय साह, माता ममता देवी; और सत्यम कुमार उम्र 13 वर्ष, पिता चिरंजीव साह की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मृतक बच्चों के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है।

ये भी पढ़ें- बिहार में मस्जिद के अंदर मौलवी की चाकू मारकर हत्या, जांच-पड़ताल में जुटी पुलिस