मध्यप्रदेश में रफ्तार का कहर थम नहीं रहा है। तेज रफ्तार वाहनों के अनियंत्रित होने से सड़क हादसे हो रहे है। प्रदेश के जबलपुर में सड़क हादसे में पति पत्नी की मौत हो गई है। राजगढ़ में बाराती बस पटलने से 3 लोगों की मौत हो गई है। इसी तरह शाजापुर में रोड एक्सीडेंट में दो दर्जन बस यात्री घायल है। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पति पत्नी की मौत, मासूम घायल

कुमार इंदर, जबलपुर। शहर के तिलवारा पुल पर खौफनाक हादसा हो गया। तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी जिससे पति पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के कारण बाइक सवार महिला उछलकर पुल से नीचे गिरी। हादसे में एक मासूम भी बुरी तरह घायल है। बच्चे को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। मृतक परिवार ससुराल से घर लौट रहा था।

ब्यावरा के पास बारातियों से भरी बस पलटी

राजगढ़। जिले के ब्यावरा के पास बारातियों से भरी बस पलट गई। इस हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई जबकि 26 यात्री घायल है इनमें 8 की हालत गंभीर बताई जा रही है। बस गछेड़ (अंबाह) से उज्जैन जा रही थी, तभी काचरी गांव के पास हाईवे पर हादसा हो गया। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल है। सभी घायलों को ब्यावरा सिविल अस्पताल ले जाया गया। गंभीर घायलों को भोपाल रेफर किया गया है। घटना ब्यावरा सिटी थाना क्षेत्र की है।

सभी लोग केदारनाथ-बद्रीनाथ की यात्रा से लौट रहे थे

मोहित भावसार, शाजापुर। शहर में आज सुबह नेशनल हाइवे 52 टुकराना जोड़ पर एक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में करीब दो दर्जन लोग घायल हो गये, जिन्हें 112 और एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल शाजापुर ले जाया गया। जानकारी के अनुसार धार्मिक यात्रा से लौट रही एक बस को पीछे आ रहे एक कंटेनर ने टक्कर मार दी। बस में कुल 52 यात्री सवार थे। सभी लोग केदारनाथ-बद्रीनाथ की यात्रा से लौट रहे थे। हालांकि इस घटना में घायल हुए लोगों को मामूली चोटें आई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m