विकास कुमार, सहरसा। जिले से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के नगर परिषद अंतर्गत वार्ड संख्या 14 स्थित रंगीनिया गांव में आज मंगलवार (23, जून) को जहरीले सांप के काटने से एक पांच वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बगीचे में खेलते समय सांप ने काटा

मृतक की पहचान रंगीनिया गांव निवासी सुनील राम के पांच वर्षीय पुत्र आर्यन कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार आर्यन दोपहर के समय गांव के बगीचे में अपने साथियों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे एक जहरीले सांप ने उसे डस लिया। घर लौटने के कुछ समय बाद बच्चे ने परिजनों से अत्यधिक नींद आने की शिकायत की। परिजनों ने जब उसके शरीर की जांच की तो पैर में सर्पदंश के निशान और सूजन दिखाई दी।

झाड़-फूंक के चक्कर बिगड़ी हालत

इसके बाद घबराए परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले जाने की बजाय झाड़-फूंक कराने के लिए ले गए। इस प्रक्रिया में काफी समय बीत गया और बच्चे की हालत लगातार बिगड़ती चली गई। अंत में परिजन आनन-फानन में उसे अनुमंडल अस्पताल सिमरी बख्तियारपुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया। अस्पताल परिसर में भी बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए।

परिजनों में पसरा मातम

ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बना रहा कि यदि बच्चे को सर्पदंश के तुरंत बाद अस्पताल पहुंचाया जाता तो संभवतः उसकी जान बचाई जा सकती थी। इधर, मृतक के पिता सुनील राम ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया, जिसके बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए घर ले जाया गया। मासूम आर्यन की असमय मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

ये भी पढ़ें- 1 करोड़ की चोरी के बाद से सदमे में मां, बहन और पत्नी, पीड़ित ने SP से लगाई जांच की गुहार