दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन को और मजबूत करने और क्लीन मोबिलिटी को बढ़ावा देने की दिशा में सरकार ने एक और कदम उठाया है। दिल्ली CM रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने आज 50 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही हसनपुर और गाजीपुर में दो नए इलेक्ट्रिक वाहन (EV) चार्जिंग स्टेशनों का भी उद्घाटन किया गया। नई इलेक्ट्रिक बसों के सड़कों पर उतरने से दिल्ली के सार्वजनिक परिवहन बेड़े को मजबूती मिलेगी। सरकार का फोकस राजधानी में प्रदूषण कम करने के साथ-साथ यात्रियों को सुविधाजनक और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन उपलब्ध कराने पर है।

इसके अलावा दिल्ली से रेवाड़ी के बीच बस सेवा की भी शुरुआत की गई। इस नई बस सेवा से दिल्ली और रेवाड़ी के बीच आने-जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलने की उम्मीद है। सरकार का कहना है कि सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क को मजबूत करने के साथ-साथ दिल्ली को आसपास के शहरों से बेहतर कनेक्टिविटी देने पर भी जोर दिया जा रहा है।

दिल्ली-रेवाड़ी बस सेवा की शुरुआत

दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने और प्रदूषण कम करने की दिशा में सरकार ने कई कदम उठाए हैं। तेहखंड एटीएस सेंटर और इंटरस्टेट बसों के बेड़े में नई बस सेवाओं को शामिल करने के साथ ही अब दिल्ली-रेवाड़ी बस सेवा की भी शुरुआत की गई है। इससे दिल्ली और रेवाड़ी के बीच सफर करने वाले यात्रियों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद है।

‘दिल्ली की जनता का हक उन्हें देकर रहेंगे’

इस मौके पर दिल्ली के परिवहन मंत्री पंकज सिंह ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली की जनता को उसका हक नहीं मिला। उन्होंने कहा, “दिल्ली की जनता का जो हक था, वो पिछली सरकारों ने रोका और अब हमारा फर्ज है कि दिल्ली की जनता का जो हक है, वो हम उनको देकर रहेंगे।” परिवहन मंत्री ने कहा कि सरकार का फोकस केवल नई बस सेवाएं शुरू करने तक सीमित नहीं है। राजधानी में क्लीन मोबिलिटी को बढ़ावा देने और इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने पर भी जोर दिया जा रहा है।

हसनपुर और गाजीपुर में EV चार्जिंग स्टेशन शुरू

इसी कड़ी में हसनपुर और गाजीपुर में दो नए इलेक्ट्रिक वाहन (EV) चार्जिंग स्टेशनों का भी उद्घाटन किया गया। सरकार का दावा है कि चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार से राजधानी में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा मिलेगा और प्रदूषण कम करने में मदद मिलेगी।

क्लीन मोबिलिटी को बढ़ावा देने पर जोर

वहीं, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 50 नई इलेक्ट्रिक बसों और दो नए EV चार्जिंग स्टेशनों की शुरुआत को दिल्ली में क्लीन मोबिलिटी को बढ़ावा देने की दिशा में अहम कदम बताया। उन्होंने कहा, “आज जो हम 50 नई ईवी बसें लोगों को सौंपने जा रहे हैं, साथ ही दो ईवी चार्जिंग स्टेशन लोगों को सौंप रहे हैं। ये क्लीन मोबिलिटी को बढ़ावा देने के लिए एक अहम कदम है।”

CM ने पिछली सरकार पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पिछली सरकार पर दिल्ली परिवहन निगम (DTC) की बदहाल स्थिति को लेकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि DTC लगातार कर्ज में डूबा रहा और इस वजह से दिल्ली की जनता को जरूरी परिवहन सुविधाओं के लिए परेशानी उठानी पड़ी। सीएम ने कहा कि पिछले डेढ़ साल में राजधानी में विकास की रफ्तार तेज हुई है। उन्होंने सरकार की ओर से किए जा रहे विकास कार्यों का जिक्र करते हुए इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी आभार जताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने के साथ-साथ इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देना और प्रदूषण को कम करना है।

पिछली सरकारों पर सीएम रेखा गुप्ता का हमला

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पिछली सरकार पर दिल्ली परिवहन निगम (DTC) की बदहाली को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “पिछली सरकार में हमारा DTC विभाग हमेशा कर्जे में रहा। दिल्ली तरसती रही, लेकिन पिछली सरकार सोती रही। अब पिछले डेढ़ साल में जिस तरह से दिल्ली ने विकास की रफ्तार पकड़ी है, उसके लिए हम पीएम नरेंद्र मोदी जी का भी धन्यवाद करना चाहते हैं।”

‘एक महीने में चार उद्घाटन, ये चमत्कार नहीं तो क्या है’

मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार के कामकाज का जिक्र करते हुए कहा कि कम समय में लगातार विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महज एक महीने में चार बड़े उद्घाटन होना सरकार की तेज कार्यशैली को दर्शाता है। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा, “हमने केवल एक महीने में चार नए उद्घाटन किए और ये चमत्कार नहीं तो क्या है। मुझे खुशी है कि दो दिन में ही इतने बड़े उद्घाटन की तैयारी की गई। इसके लिए मैं अपने मंत्री और अधिकारियों को बधाई देती हूं।”

ओखला लैंडफिल साइट पर बनेगा ऑक्सीजन पार्क

वहीं, दिल्ली की लैंडफिल साइट्स को लेकर भी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि ओखला लैंडफिल साइट पर एक साल के भीतर कूड़े के पहाड़ को खत्म कर दिया गया है। सरकार के मुताबिक, यहां करीब 37 एकड़ जमीन को साफ किया जा चुका है। अब इसी जमीन पर आने वाले समय में ऑक्सीजन पार्क विकसित करने की योजना है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, “ओखला के लैंडफिल साइट पर हमने एक साल में कूड़े के पहाड़ को खत्म कर दिया। मैं यहां की जनता को बताना चाहती हूं कि आने वाले समय में ओखला के लैंडफिल साइट पर एक ऑक्सीजन पार्क बनेगा। हमने यहां 37 एकड़ जमीन को साफ कर दिया है।”

क्लीन मोबिलिटी के साथ प्रदूषण पर लगाम लगाने की कोशिश

दिल्ली सरकार का कहना है कि इलेक्ट्रिक बसों की संख्या बढ़ाने, EV चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत करने और नई बस सेवाएं शुरू करने के साथ राजधानी में प्रदूषण कम करने पर भी जोर दिया जा रहा है। वहीं, लैंडफिल साइट की जमीन को साफ कर वहां ऑक्सीजन पार्क विकसित करने की योजना को भी पर्यावरण सुधार से जोड़कर देखा जा रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m