आकाश तिवारी, सिरोंज (विदिशा)। कृषि मंडी में सरकारी गेहूं के कथित अवैध परिवहन और बिक्री से जुड़े मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। SDM ने उमेश ट्रेडिंग कंपनी के यहां एक ट्रक से दूसरे ट्रक में पलटी किए जा रहे करीब 580 बोरी गेहूं को जब्त किया है। गेहूं और संबंधित ट्रक को SDM कार्यालय लाया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जब्त गेहूं शमशाबाद की भगवानपुर सोसायटी के वर्ष 2022-23 के सरकारी स्टॉक का बताया जा रहा है। नागरिक आपूर्ति निगम के अधिकारी द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में गेहूं की पैकिंग और टैगिंग सरकारी होने की पुष्टि किए जाने की बात सामने आई है।
पूछताछ के दौरान ट्रक चालक वसीम ने गेहूं को शमशाबाद के व्यापारी मनु माहेश्वरी का बताया है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार मनु माहेश्वरी, शमशाबाद नगर परिषद अध्यक्ष प्रदीप माहेश्वरी के पुत्र हैं। हालांकि मामले में संबंधित पक्षों का पक्ष और दस्तावेजों की अंतिम पुष्टि प्रशासनिक जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
जब्त गेहूं की अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई जा रही है। प्रशासन द्वारा गेहूं के दस्तावेज, स्टॉक रिकॉर्ड और परिवहन से संबंधित कागजात की जांच की जा रही है। मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया चलने की जानकारी है।
प्रशासन पर दबाव के आरोप भी चर्चा में
इधर, स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी सामने आ रही है कि मामले को दबाने अथवा कार्रवाई को प्रभावित करने के लिए प्रशासन पर राजनीतिक/प्रभावशाली स्तर से दबाव बनाए जाने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। प्रशासन की जांच और आगे की कार्रवाई से ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


