कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। शहर की पुरानी छावनी थाना पुलिस ने एक बड़ी वारदात नाकाम कर दिया है। पुलिस ने जलालपुर के जंगलों में दबिश देकर डकैती की साजिश रच रहे 6 शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इस गैंग ने वारदात के लिए सोशल मीडिया के जरिए उत्तरप्रदेश से ‘शूटर’ और अपराधी बुलाए थे।

जलालपुर के पप्पू चौहान के घर डकैती की साजिश

दरअसल पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जलालपुर के जंगल में कुछ हथियारबंद बदमाश किसी बड़ी डकैती की साजिश रच रहे हैं। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए घेराबंदी की और मौके से 6 बदमाशों को दबोच लिया। पकड़े गए बदमाश जलालपुर के पप्पू चौहान के घर डकैती डालने वाले थे। इस पूरी साजिश के मास्टरमाइंड ग्वालियर के ही अंशुल त्यागी और अर्पित यादव थे। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, मुख्य आरोपी अंशुल पर पहले से ही 2 अपराध दर्ज हैं। जांच में खुलासा हुआ कि डकैती को अंजाम देने के लिए यूपी के टेनिराम लोधी और कौशल कुमार को सोशल मीडिया के जरिए बुलाया गया था।

पुलिस पता लगा रही कहां-कहां वारदात की

वहीं, लोकल स्तर पर मदद के लिए अयान मोहम्मद, सचिन तोमर और आमिर खान को गैंग में शामिल किया गया था। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से 315 बोर के 3 देसी कट्टे, 5 जिंदा कारतूस, 2 छुरे और 5 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट, MPDPK यानी डकैती एक्ट और BNS की अलग अलग अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पता लगा रही है कि इस गैंग ने पहले कहां-कहां वारदात की हैं। पुलिस ने अर्पित यादव और रहमान की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने दावा किया है कि दोनों फरार बदमाशों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

बाइट-IPS विदिता डागर- ASP,ग्वालियर

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m