सुशीला देवी, गुरुग्राम। साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरुग्राम पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग, लॉटरी फ्रॉड और साइबर धोखाधड़ी में संलिप्त एक गिरोह का पर्दाफाश कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 31 मोबाइल फोन, 9 लैपटॉप, 9 एटीएम कार्ड, 43 सिम कार्ड, 3 बैंक खातों की चेक बुक/पासबुक और 3 स्वाइप मशीन बरामद की हैं।
सहायक पुलिस आयुक्त (साइबर अपराध) गौरव फौगाट के नेतृत्व में थाना साइबर मानेसर की टीम ने दिल्ली के असालतपुर जनकपुरी क्षेत्र में छापेमारी कर इस गिरोह का भंडाफोड़ किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अर्जुन कुमार, हर्ष, तनुज उर्फ नोनू, शोएब, समरजीत और निशांत के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ऑनलाइन गेमिंग पैनल पर आईडी संचालित कर लोगों को गेम खेलने के लिए आकर्षित करते थे। सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से विज्ञापन चलाकर ग्राहकों को वेबसाइट पर लाया जाता था, जहां वे QR कोड के जरिए रकम जमा करते थे। इसके बाद आरोपियों द्वारा गेमिंग आईडी में पॉइंट और कॉइन जोड़ने का काम किया जाता था।
पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि बैंक खातों की किट, सिम कार्ड और QR कोड उन्हें व्हाट्सएप के जरिए उपलब्ध कराए जाते थे, जिनका इस्तेमाल साइबर धोखाधड़ी और अवैध वित्तीय लेनदेन में किया जाता था। पुलिस ने आरोपी निशांत और शोएब को तीन दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का मानना है कि जांच में साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।

