अजयारविंद नामदेव, शहडोल। बाणसागर बांध का जलस्तर लगातार बढ़ने और कैचमेंट क्षेत्र में बारिश की सक्रियता को देखते हुए बांध प्रबंधन ने एहतियातन 6 रेडियल गेट खोल दिए हैं। बांध के गेट करीब 2-2 मीटर खोले गए हैं और स्पिलवे के माध्यम से सोन नदी में 2454 क्यूमेक्स पानी छोड़ा जा रहा है। पानी की बढ़ती आवक को देखते हुए शहडोल समेत आसपास के जिलों को सतर्क किया गया है।

बांध के गेट खोले गए

बाणसागर पक्का बांध संभाग क्रमांक-3 से 30 अगस्त 2026 को जारी सूचना के अनुसार सुबह 6 बजे बांध का जल स्तर 341.58 मीटर दर्ज किया गया, बांध का पूर्ण जलभराव स्तर यानी FRL 341.64 मीटर है। यानी जलस्तर अधिकतम भराव स्तर से महज 0.06 मीटर यानी करीब 6 सेंटीमीटर नीचे है। ऐसे में कैचमेंट क्षेत्र में बारिश और पानी की आवक बढ़ने को देखते हुए बांध के गेट खोले गए हैं।

नदी के आसपास नहीं जाने की हिदायत

बांध प्रबंधन ने शहडोल, मैहर, सीधी और सिंगरौली जिलों के प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों को जलाशय से छोड़े जा रहे पानी की जानकारी देते हुए आवश्यक सतर्कता बरतने को कहा है। खासतौर पर सोन नदी के तटीय क्षेत्रों और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को नदी के आसपास नहीं जाने की हिदायत दी गई है।

लोगों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील

शहडोल जिले में सोन नदी के तटीय और मैदानी इलाकों में प्रशासन को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रभावित क्षेत्रों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को भी सावधान किया जा रहा है। बांध प्रबंधन ने मैदानी अमले को भी सतर्क रहने और जलस्तर की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। बारिश के बीच बांध के लगभग पूर्ण भराव तक पहुंचने से आने वाले घंटों में जलस्तर और पानी की निकासी पर नजर रखी जा रही है। नदी किनारे रहने वाले लोगों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की गई है।

एस.के शर्मा (कार्यपालन यंत्री बाणसागर )

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m