इमरान खान, खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा पहुंचे प्रभारी मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने बड़ा प्रशासनिक एक्शन लिया है। जनजातीय कार्य विभाग में हाल ही में हुए स्थानांतरण और नियुक्तियों को लेकर मंत्री ने सख्त रुख अपनाते हुए सभी आदेशों को तत्काल निरस्त करने के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, सहायक आयुक्त संतोष शुक्ला ने अपने रिटायरमेंट से ठीक पहले के अंतिम पांच दिनों में 61 ट्रांसफर और पोस्टिंग आदेश जारी कर दिए थे। सबसे अहम बात यह रही कि इन आदेशों के लिए न तो प्रभारी मंत्री की अनुमति ली गई और न ही कलेक्टर को इसकी जानकारी दी गई। इस पूरे मामले की शिकायत जय आदिवासी संगठन द्वारा मुख्यमंत्री से की गई थी, जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया।
प्रभारी मंत्री ने कलेक्टर को निर्देश दिए हैं कि सभी स्थानांतरण और नियुक्ति आदेशों को तुरंत निरस्त किया जाए और पूरे मामले की विस्तृत जांच की जाए। साथ ही दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। आज कलेक्ट्रेट में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री ने यह निर्देश दिए और प्रशासनिक पारदर्शिता पर जोर दिया।

