लखनऊ. 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने गुरुवार (24 सितंबर) को लखनऊ में जोरदार प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारी बीजेपी कार्यालय के अंदर पहुंच गए और जमीन पर लेटकर विरोध जताया. अभ्यर्थियों ने सिर पर ‘आरक्षण घोटाला’ लिखी टोपी पहन रखी थी. वे सीटी बजाते हुए करीब आधे घंटे तक नारेबाजी और हंगामा करते रहे.

BJP कार्यालय के अंदर लेटकर किया प्रदर्शन

प्रदर्शनकारियों ने ‘ऐसी क्या मजबूरी है-आरक्षण की चोरी है’ और ‘पिछड़ा आयोग ने माना है-आरक्षण घोटाला है’ जैसे नारे लगाए. बड़ी संख्या में दिव्यांग अभ्यर्थी भी प्रदर्शन में शामिल हुए. अभ्यर्थियों का कहना है कि आरक्षण से जुड़े मामले में उनकी मांगों पर सरकार को स्पष्ट निर्णय लेना चाहिए.

पुलिस और अभ्यर्थियों में धक्का-मुक्की

प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए पुलिस मौके पर पहुंची. इस दौरान पुलिस और अभ्यर्थियों के बीच धक्का-मुक्की और नोकझोंक हुई. प्रदर्शनकारियों का दावा है कि पुलिस ने उन्हें जबरन उठाकर हटाया. उनका आरोप है कि इस दौरान कुछ अभ्यर्थियों के कपड़े फट गए और उनके साथ बदसलूकी की गई.

सिर पर ‘आरक्षण घोटाला’ की टोपी

प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थी सिर पर ‘आरक्षण घोटाला’ लिखी टोपी पहने नजर आए. वे लगातार सीटी बजाकर और नारे लगाकर अपनी मांगों को लेकर विरोध जताते रहे. प्रदर्शनकारियों ने पिछड़ा आयोग का हवाला देते हुए आरक्षण व्यवस्था में कथित अनियमितताओं को लेकर सवाल उठाए.

हिरासत में लेकर इको गार्डन भेजे गए

प्रदर्शन के बाद पुलिस ने सभी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया और उन्हें इको गार्डन भेज दिया. प्रदर्शनकारियों ने पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जताई है. वहीं, पूरे घटनाक्रम के दौरान बीजेपी कार्यालय के आसपास काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही.