दिल्ली को स्वच्छ, हरित और विकसित बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे 70 लाख पौधारोपण अभियान (plantation drive) के तहत मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने मॉडल टाउन विधानसभा क्षेत्र में आयोजित प्लांटेशन ड्राइव में हिस्सा लेकर पौधारोपण किया। ‘हरित दिल्ली संकल्प’ और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में मॉडल टाउन क्षेत्र में लगभग 1,100 पौधे लगाए गए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रत्येक पौधा केवल एक वृक्ष नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, हरियाली और स्वस्थ जीवन देने के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की साझा भागीदारी से ही दिल्ली को स्वच्छ और प्रदूषण-मुक्त बनाया जा सकता है।
इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक अशोक गोयल, बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) के प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में सभी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रत्येक पौधा केवल एक वृक्ष नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, हरियाली और स्वस्थ जीवन देने के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में बड़े स्तर पर विभिन्न क्षेत्रों में लगातार पौधारोपण अभियान चलाए जा रहे हैं, ताकि राजधानी का हरित क्षेत्र बढ़े और पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी के माध्यम से मजबूत बनाया जा सके।
7 जुलाई से शुरू हुआ मेगा प्लांटेशन ड्राइव
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 7 जुलाई को दिल्ली के मेगा प्लांटेशन ड्राइव का शुभारंभ किया था। इस अभियान में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली सरकार ने एक विशेष पोर्टल https://greendrive.delhivanmahotsav.in शुरू किया है। इस पोर्टल के माध्यम से नागरिक अपनी सुविधा के अनुसार तारीख, समय और स्थान चुनकर पौधारोपण के लिए स्लॉट बुक कर सकते हैं और अभियान का हिस्सा बन सकते हैं। इसके अलावा, दिल्ली सरकार ‘वृक्ष रथ’ के जरिए नागरिकों के घरों तक निःशुल्क पौधे पहुंचाने की सुविधा भी उपलब्ध करा रही है। वहीं, नर्सरी लोकेटर की मदद से लोग अपनी नजदीकी सरकारी नर्सरी का पता लगाकर वहां से भी मुफ्त पौधे प्राप्त कर सकते हैं।
एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को बताया जनआंदोलन
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी के प्रत्येक खाली और उपयुक्त स्थान को हरित क्षेत्र में बदलने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी लक्ष्य के तहत मॉडल टाउन क्षेत्र में सेंट्रल वर्ज, मेट्रो कॉरिडोर के नीचे तथा सड़कों के दोनों ओर बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया जा रहा है, ताकि शहर की हरित आवरण क्षमता बढ़ाई जा सके। उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति, पर्यावरण संरक्षण और मातृत्व के सम्मान को समर्पित एक जनआंदोलन है। मुख्यमंत्री के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना और वृक्षारोपण को सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में विकसित करना है। इससे दिल्ली को अधिक हरित, स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल बनाने में जनभागीदारी को नई मजबूती मिलेगी।
70 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य, लोगों से जुड़ने की अपील
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए दिल्ली को स्वच्छ, हरित और टिकाऊ भविष्य की ओर ले जाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने कहा कि इस जनभागीदारी आधारित अभियान से राजधानी में हरित क्षेत्र बढ़ाने के साथ-साथ पर्यावरण के प्रति लोगों में जागरूकता भी मजबूत होगी। मुख्यमंत्री ने दिल्लीवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पौधारोपण करने की अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और दिल्ली सरकार के 70 लाख पौधे लगाने के संकल्प को सफल बनाने में अपना योगदान दें। उनके अनुसार, सरकार और जनता के संयुक्त प्रयासों से ही राजधानी को अधिक हरित, स्वच्छ और प्रदूषण-मुक्त बनाया जा सकता है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

