अजयारविंद नामदेव, शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली तस्वीर सामने आई है। महज 7 साल की मासूम, जो अपनों से दूर उत्तर प्रदेश के बांदा एक डॉक्टर दंपती के घर सहारे की उम्मीद लेकर पहुंची थी, आरोप है कि वहीं उसके साथ बेरहमी की गई। गर्म चिमटे से दागने और मारपीट के आरोपों के बीच मासूम मौका पाकर घर से भागी और पड़ोसी के घर पहुंचकर अपनी दर्दभरी कहानी सुनाई… जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।

कोतवाली थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-7 में जिला अस्पताल के पीछे रहने वाले एक डॉक्टर दंपती के घर से 7 साल की अनाथ बच्ची के भागकर पड़ोसी के घर पहुंचने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। बच्ची ने कथित तौर पर घर में काम कराने और प्रताड़ित किए जाने की आपबीती लोगों को बताई। उसके शरीर पर चोट और जलने जैसे निशान भी दिखाई देने की बात सामने आई है।

बताया जा रहा है कि जिला अस्पताल में पदस्थ रेडियोलॉजिस्ट डॉ. वीआर प्रजापति अपनी पत्नी के साथ उत्तर प्रदेश के बांदा से इस बच्ची को लेकर आए थे। आरोप है कि बच्ची से घर का काम कराया जाता था और उसकी मालकिन कथित तौर पर उसके साथ मारपीट करती थी। बच्ची ने गर्म चिमटे से दागे जाने की बात भी बताई है। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। 

बताया जा रहा है कि प्रताड़ना से परेशान बच्ची पिछले कई दिनों से घर से निकलने का प्रयास कर रही थी। आज उसे मौका मिला तो वह घर से निकलकर सीधे पड़ोसी के यहां पहुंची और मदद की गुहार लगाई। पड़ोसियों ने तत्काल डायल-112 पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने पर महिला ने बच्ची द्वारा लगाए गए आरोपों से इनकार किया। 

इसके बाद कोतवाली पुलिस बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंची। संयोग से जिस अस्पताल में बच्ची का मेडिकल कराया जा रहा था, आरोपी महिला का डॉक्टर पति वहीं पर पदस्थ है। मेडिकल के दौरान डॉक्टर के वहां पहुंचने की बात भी सामने आई है, जिसे लेकर मेडिकल प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

फिलहाल पुलिस ने बच्ची के बयान और आरोपों के आधार पर जांच शुरू कर दी है। मामले में मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। कोतवाली थाना प्रभारी राघवेंद्र तिवारी ने बताया कि बच्ची के साथ ज्यादती से संबंधित मामला सामने आया है। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m