संजय पाटीदार, Bhopal. मध्य प्रदेश के स्कूली शिक्षा विभाग और छात्रों के लिए एक बड़ी खबर है। राज्य में पूरी तरह बनकर तैयार हो चुके 70 सांदिपनि विद्यालयों का भव्य लोकार्पण आगामी 15 जुलाई तक कर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इसे लेकर उच्च स्तरीय निर्देश जारी किए हैं। शुक्रवार को मंत्रालय में हुई एक अहम समीक्षा बैठक के दौरान CM ने स्पष्ट किया कि यह केवल एक औपचारिक उद्घाटन कार्यक्रम नहीं होगा बल्कि इसे शिक्षा, संस्कृति और जनभागीदारी के एक बड़े उत्सव के रूप में मनाया जाएगा।

‘स्कूल चलें अभियान’ के तहत यादगार बनेंगे लोकार्पण समारोह

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अधिकारियों से कहा कि स्कूल चलें अभियान के तहत होने वाले इन लोकार्पण कार्यक्रमों को बच्चों के लिए यादगार बनाया जाए।

सांस्कृतिक और खेल गतिविधियां: लोकार्पण समारोह के दौरान स्कूलों में बच्चों के लिए विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद और रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

मिष्ठान्न वितरण: स्कूल आने वाले सभी विद्यार्थियों को कार्यक्रम के दिन विशेष रूप से स्वल्पाहार (नाश्ता) और मिठाई बांटी जाएगी।

धूमधाम से मनेगा प्रवेशोत्सव: जिन सांदीपनि विद्यालयों का लोकार्पण पहले ही हो चुका है, वहां ‘प्रवेशोत्सव’ को बेहद उत्साह के साथ मनाने के निर्देश दिए गए हैं जिससे ज्यादा से अधिक बच्चों को सरकारी स्कूलों से जोड़ा जा सके।

29 जुलाई गुरु पूर्णिमा को हर जिले में लगेगी विज्ञान प्रदर्शनी, AI पर रहेगा फोकस

इस बैठक में मुख्यमंत्री ने आगामी 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर एक विशेष आयोजन की रूपरेखा भी तय की है। इसके तहत प्रदेश के हर जिले के एक सांदीपनि विद्यालय में भव्य विज्ञान प्रदर्शनी लगाई जाएगी। उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों और मेधावी छात्र-छात्राओं का विशेष सम्मान किया जाएगा। इस दौरान स्कूलों में डिजिटल और एआई आधारित बेहतरीन प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी।

स्कूल शिक्षा विभाग के 46 और जनजातीय कार्य विभाग के हैं 24 स्कूल

मंत्रालय में हुई इस समीक्षा बैठक के दौरान स्कूल शिक्षा सचिव डॉ. संजय गोयल ने मुख्यमंत्री को जमीनी हकीकत की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में कुल 70 सांदीपनि विद्यालय पूरी तरह बनकर तैयार हैं। इनमें से 46 विद्यालय स्कूल शिक्षा विभाग के हैं, जबकि 24 विद्यालय जनजातीय कार्य विभाग के अंतर्गत आते हैं।

प्रभारी मंत्री और जनप्रतिनिधि करेंगे उद्घाटन

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि सभी 70 विद्यालयों का लोकार्पण संबंधित जिलों के प्रभारी मंत्रियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति में कराया जाए। अधिकारियों को सख्त हिदायत दी गई है कि प्रत्येक सांदीपनि विद्यालय को आधुनिक सुविधाओं, उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा और संस्कारयुक्त माहौल के साथ एक ‘आदर्श शिक्षण संस्थान’ के रूप में विकसित किया जाए।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m