रेवाड़ी। शहर के पोस्ट ऑफिस में एक रिटायर हेडमास्टर के बैग से 74 हजार रुपये चोरी हो गए। वह अपने बचत खाते से पैसे निकालने के बाद उन्हें बैग में रखकर काउंटर नंबर 7 पर कॉपी पूरी कराने पहुंचे थे। इसी दौरान बैग को ब्लेड या कैंची से काटकर रुपये निकाल लिए गए। घटना की सूचना मिलने के बाद शहर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

खाते से पैसे निकालकर बैग में रखे
गांव रालियावास निवासी रिटायर हेडमास्टर युवराज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने घर पर चिनाई का काम कराया हुआ है। इसके लिए उन्हें पैसों की जरूरत थी। वह 6 अगस्त को अपने पोस्ट ऑफिस बचत खाते से रुपये निकालने रेवाड़ी आए थे।
पोस्ट ऑफिस पहुंचकर उन्होंने खाते से 74 हजार रुपये निकाले। रुपये बैग में रखने के बाद वह काउंटर नंबर 7 पर कॉपी पूरी कराने चले गए।
काउंटर पर पीछे खड़ी थी महिला
युवराज के मुताबिक, जब वह काउंटर पर कॉपी पूरी करा रहे थे, तब उनके पीछे एक महिला खड़ी थी। काम पूरा होने के बाद उन्होंने अपना बैग संभाला तो उसमें रखे 74 हजार रुपये गायब मिले।
उन्होंने देखा कि बैग को ब्लेड या कैंची से काटा गया था। उनके पीछे खड़ी महिला भी वहां नहीं थी। इसके बाद उन्होंने पोस्ट ऑफिस कर्मचारियों को घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की जांच
घटना के बाद युवराज ने गोकल गेट चौकी पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत दी। शहर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

