Bihar News: बिहार के मौसम में एक बार फिर से बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। आज शुक्रवार (29 मई) को भी राजधानी पटना समेत 7 जिलों में सुबह से मुसलाधार बारिश हुई। बारिश के साथ तेज आंधी और आसमान से गिर रही आकाशीय बिजली ने आम जनजीवन को बुरी तरह से प्रभावित किया है। आकाशीय बिजली की चपेट में आने से अलग-अलग जगहों पर हुए हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई। वहीं, कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए।

औरंगाबाद में शिक्षक और किसान की मौत

औरंगाबाद जिले में ठनका गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। रफीगंज के भेखनपुरा प्राथमिक स्कूल में तैनात शिक्षक सुनील कुमार सिंह स्कूल परिसर में ही बिजली की चपेट में आ गए, जिससे मौके पर ही उनकी जान चली गई। वहीं, दाउदनगर थाना क्षेत्र के केशराड़ी गांव में टहलने निकले किसान केदार यादव की ठनका गिरने से मौत हो गई।

गयाजी में मां-बेटी पर गिरी बिजली

गयाजी जिले में भी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। जिले के गुलरबेद गांव में मां-बेटी पर बिजली गिर गई। इस हादसे में जहां, मनीषा कुमारी (17) की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं उसकी मां गौरी देवी गंभीर रूप से घायल हो गई। दोनों बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़ी थीं। इस दौरान उनके उपर ही बिजली गिर गई। जबकि बरवाडीह गांव में दिनेश यादव नाम की एक युवक की मौत हुई है।

पटना में दो बच्चियों की दर्दनाक मौत

राजधानी पटना में भी कुदरत का कहर देखने को मिला, जहां ठनका गिरने से दो नाबालिग बच्चियों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक बच्चियों की पहचान सिमरन कुमारी (12) और स्वीटी कुमारी (10) के रूप में हुई है। दोनों बच्चियां खेत में बकरी चराने गई थीं। इसी दौरान दोनों के उपर बिजली गिर गई।

खगड़िया और छपरा में भी हादसे

खगड़िया के थारूवाटोला गांव में गिरीश यादव की बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। वहीं, सारण में 60 वर्षीय जगलाल चौधरी की ठनका गिरने से मौत हो गई। वहीं, उनके साथ काम कर रही एक महिला बिजली की चपेट में आने से झुलस गई।

मौसम विभाग ने जारी किया था अलर्ट

बता दें कि मौसम विभाग ने पहले ही बारिश और ठनका को लेकर अलर्ट जारी किया था। विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों तक तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। लगातार खराब मौसम और ठनका गिरने की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सावधान रहने की अपील की है। लोगों को बारिश के दौरान पेड़ के नीचे खड़े नहीं होने और खुले मैदान में जाने से बचने की सलाह दी गई है।

ये भी पढ़ें- शराब के नशे में दबंगों का तांडव, घर पर ईंट-पत्थर बरसाए, एक आरोपी गिरफ्तार