शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के गांधी नगर इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। आधी रात को दो कारों में सवार होकर आए बदमाशों ने एक किराए के मकान में धावा बोलकर दो युवतियों समेत आठ लोगों का अपहरण कर लिया। आरोपी बंधक बनाए गए लोगों से 10 लाख रुपये की फिरौती मांग रहे थे। हालांकि, समय रहते मिली सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पिपलानी इलाके में घेराबंदी कर सभी बंधकों को सुरक्षित मुक्त करा लिया और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
आधी रात दो कारों में आए बदमाश घर के अंदर घुस गए
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांधी नगर थाना क्षेत्र में कुछ लोग किराए के मकान में रहते हैं। बीती आधी रात को अचानक दो कारों में भरकर कुछ बदमाश घर के अंदर घुस आए। आरोपियों ने घर में मौजूद लोगों के साथ जमकर मारपीट की और जबरन दो युवतियों समेत कुल आठ लोगों को दो अलग-अलग कारों में बैठाकर पूरे शहर में घुमाते रहे। अपहरणकर्ता बंधकों पर पैसों के लिए दबाव बना रहे थे। इसी दौरान बंधकों में से एक ने मौका पाकर अपने एक दोस्त को ऑनलाइन पेमेंट का क्यूआर कोड भेजकर 10 लाख रुपये की फिरौती की रकम ट्रांसफर करने को कहा।
पुलिस की फिल्मी स्टाइल में घेराबंदी
घटना की भनक लगते ही पीड़ित पक्ष या उनके परिचितों ने तुरंत डायल-112 पर पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही भोपाल पुलिस कमिश्नर और नियंत्रण कक्ष एक्टिव हो गया। शहरभर में नाकाबंदी कर तलाश शुरू की गई। इसी दौरान पिपलानी थाना क्षेत्र के पास पुलिस ने दोनों संदिग्ध कारों को घेर लिया और सख्ती दिखाते हुए रोक लिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन में बंधक बनाए गए सभी आठों लोगों को सकुशल और सुरक्षित मुक्त करा लिया।
तीन आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी की तलाश जारी
पुलिस ने मौके से कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी सहित अन्य साथी मौके से फरार होने में कामयाब रहे। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह पूरा विवाद लगभग दो लाख रुपये के पुराने लेन-देन से जुड़ा हुआ है। लेन-देन के इसी विवाद के चलते आरोपियों ने इस सनसनीखेज अपहरण की वारदात को अंजाम दिया था। फिलहाल पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है और फरार बदमाशों की धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

