सिद्धार्थ शरद, वैशाली। हाजीपुर से जहां की वैशाली पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर थाना क्षेत्र से करीब 800 लीटर अवैध कोडीन फॉस्फेट कफ सिरप बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक पिकअप वाहन, बाइक, मोबाइल फोन और नकद राशि भी जब्त की है।
गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त 2026 को मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो, बिहार, पटना से नगर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जढुआ बाजार समिति के पास एनपीएसएस पार्सल प्राइवेट लिमिटेड ट्रांसपोर्ट एजेंसी के बाहर खड़े एक पिकअप वाहन पर कुछ तस्करों द्वारा अवैध रूप से कोडीन फॉस्फेट कफ सिरप लोड किया जा रहा है।
एसपी ने किया था विशेष टीम का गठन
सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए वैशाली पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर थाना पुलिस के साथ एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने सूचना के आधार पर बताए गए स्थान पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पिकअप वाहन पर लदा 800 लीटर कोडीन फॉस्फेट कफ सिरप बरामद किया गया और मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
जहानाबाद का रहने वाला है गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आदर्श कुमार, पिता स्वर्गीय गौतम प्रसाद, ग्राम मिल्कीपुर छोटी अकौना, थाना घोसी, जिला जहानाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में नगर थाना कांड संख्या 800/26 दर्ज कर गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें- सासाराम में घरेलू कलह से तंग आकर महिला ने खाया जहर, पति के नशे की लत से था विवाद

