80th Independence Day : रायपुर. छत्तीसगढ़ में 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, उमंग और देशभक्ति के साथ मनाया जा रहा है. प्रदेशभर के जिला मुख्यालयों में स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह आयोजित किए गए. स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके योगदान को याद किया गया.

लोकभवन में राज्यपाल डेका ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज

राज्यपाल रमेन डेका ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आज सुबह लोकभवन में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली. उन्होंने परेड का निरीक्षण किया. इस अवसर पर राज्य की प्रथम महिला रानी डेका काकोटी भी उपस्थित थी. राज्यपाल ने लोकभवन सचिवालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दी. उन्होंने लोकभवन के कर्मचारियों के परिजनों एवं बच्चों से आत्मीयता से मुलाकात की और बच्चों को टॉफी-मिठाई वितरित की.

राजनांदगांव : विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने फहराया तिरंगा

राजनांदगांव जिला मुख्यालय में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने ध्वजारोहण किया. इस दौरान हर्ष फायर के बीच तिरंगे को सलामी दी गई और आकर्षक मार्चपास्ट का निरीक्षण किया गया.

नक्सल मुक्त बस्तर में पहली बार आजादी का जश्न, उपमुख्यमंत्री शर्मा ने किया ध्वजारोहण

जगदलपुर में नक्सलवाद से मुक्ति के बाद पहली बार स्वतंत्रता दिवस का उत्सव खास उत्साह और ऐतिहासिक माहौल में मनाया गया. ऐतिहासिक लालबाग मैदान में गृहमंत्री विजय शर्मा ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी. इस दौरान उन्होंने कहा कि अब बस्तर के अंदरूनी इलाकों में भी तिरंगा शान से लहराएगा. समारोह में देशभक्ति का उत्साह नजर आया और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे.

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने दुर्ग में किया ध्वजारोहण

दुर्ग जिला मुख्यालय में 80वें स्वतंत्रता दिवस का आयोजन किया गया. जहां उपमुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए. उन्होंने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली.. समारोह में जवानों ने अनुशासन और देशभक्ति का शानदार प्रदर्शन किया.

बिलासपुर: केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने फहराया तिरंगा

बिलासपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में 80वें स्वतंत्रता दिवस का जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया गया. केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली. समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे. इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन भी किया गया.

रायगढ़: मंत्री ओपी चौधरी ने किया ध्वजारोहण

रायगढ़ के शहीद विप्लव त्रिपाठी मिनी स्टेडियम में स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया गया. प्रदेश के वित्त एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली. समारोह में शहीद परिवारों का सम्मान किया गया. वहीं स्कूली बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर समारोह में उत्साह भर दिया.

कांकेर: मंत्री टंकराम वर्मा ने फहराया तिरंगा

कांकेर के शासकीय नरहरदेव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में 80वें स्वतंत्रता दिवस का समारोह आयोजित किया गया. जहां मंत्री टंकराम वर्मा ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली. समारोह में स्कूली छात्र-छात्राओं के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे. इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया गया.

जांजगीर-चांपा : मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने किया ध्वजारोहण

जांजगीर-चांपा में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया. जांजगीर के हाई स्कूल मैदान में जिला स्तरीय मुख्य समारोह आयोजित हुआ, जहां मुख्य अतिथि गुरु खुशवंत साहेब ने ध्वजारोहण किया. इसके बाद उन्होंने परेड का निरीक्षण कर सलामी ली. विभिन्न टुकड़ियों ने आकर्षक मार्चपास्ट के जरिए तिरंगे को सलामी दी. समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के संदेश का वाचन भी किया गया.

सूरजपुर : मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने किया ध्वजारोहण

सूरजपुर में 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन स्टेडियम ग्राउंड में किया गया. महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी और परेड की सलामी ली. समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे.

कवर्धा : मंत्री लखनलाल देवांगन ने किया ध्वजारोहण

कवर्धा के आचार्य पंथ श्री गृंध मुनि नाम साहब शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मैदान में स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया. छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली. इस दौरान उन्होंने आकाश में रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़े. 

महासमुंद : मंत्री दयाल दास बघेल ने किया ध्वजारोहण

महासमुंद के मिनी स्टेडियम में 80वें स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह आयोजित किया गया. प्रदेश के खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी. इसके बाद उन्होंने परेड में शामिल 10 प्लाटून का निरीक्षण किया. समारोह में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का माहौल नजर आया.

अंबिकापुर : कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने फहराया तिरंगा

अंबिकापुर के पीजी कॉलेज ग्राउंड में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया. कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने राष्ट्रीय ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलाम किया. इसके बाद उन्होंने परेड की सलामी ली. उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के संदेश का वाचन भी किया. पुलिस एवं सुरक्षा बलों की आकर्षक परेड ने समारोह में देशभक्ति का जोश भर दिया. कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस जवान, कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे.

बलौदाबाजार : सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने फहराया तिरंगा

बलौदाबाजार जिला मुख्यालय के पंडित चक्रपाणि शुक्ला हायर सेकंडरी स्कूल में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह आयोजित किया गया. मुख्य अतिथि लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने ध्वजारोहण कर परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली. रक्षित निरीक्षक उषा ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस, एनसीसी, स्काउट-गाइड और रेडक्रॉस की टुकड़ियों ने आकर्षक मार्चपास्ट किया. इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया गया. समारोह में स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के परिजनों को शाल-श्रीफल से सम्मानित किया गया.

बेमेतरा : सांसद विजय बघेल ने किया ध्वजारोहण

बेमेतरा जिला मुख्यालय स्थित ऐतिहासिक बेसिक स्कूल मैदान में 80वें स्वतंत्रता दिवस का भव्य समारोह आयोजित किया गया. दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली. समारोह में देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले शहीदों के परिवारों का सम्मान किया गया. कार्यक्रम में कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगई, पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल, बेमेतरा विधायक दीपेश साहू सहित बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे.

गरियाबंद : सांसद रूपकुमारी चौधरी ने किया ध्वजारोहण 

गरियाबंद में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति का माहौल देखने को मिला. महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी ने गरियाबंद पुलिस परेड ग्राउंड में ध्वजारोहण किया. इसके बाद उन्होंने परेड का निरीक्षण कर सलामी ली. विभिन्न टुकड़ियों ने मार्चपास्ट करते हुए तिरंगे को सलामी दी. समारोह में मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन भी किया गया.

बलरामपुर: सांसद चिंतामणि महाराज ने किया ध्वजारोहण

बलरामपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में 80वें स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह आयोजित किया गया. मुख्य अतिथि सांसद चिंतामणि महाराज ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली. परेड में शामिल 13 टुकड़ियों ने आकर्षक मार्चपास्ट करते हुए सलामी दी. समारोह के दौरान मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया गया. ‘स्वतंत्रता दिवस अमर रहे’ के नारों से पूरा पुलिस परेड ग्राउंड गूंज उठा.

धमतरी: पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने किया ध्वजारोहण 

धमतरी में 80वें स्वतंत्रता दिवस का पर्व पूरे उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया. पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने ध्वजारोहण किया. राष्ट्रगीत के साथ समारोह की शुरुआत हुई. कार्यक्रम में हॉर्स मार्च मुख्य आकर्षण रहा, जिसमें घोड़ों के साथ मार्च पास्ट ने लोगों का ध्यान खींचा. चार पैरों वाले इन वीरों की मौजूदगी समारोह में आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही.

इसके अलावा दुर्ग जिला मुख्यालय में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, सरगुजा जिला मुख्यालय में आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम, दंतेवाड़ा में वन मंत्री केदार कश्यप, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, जशपुर में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल और बालोद में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया. 

खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में सांसद संतोष पांडेय, कोंडागांव में सांसद भोजराज नाग, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सांसद राधेश्याम राठिया, सक्ती में सांसद कमलेश जांगड़े, बीजापुर में सांसद महेश कश्यप, सुकमा में राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया.