मुंबई के ठाणे के कल्याण में 82 साल की महिला के साथ साइबर ठगी का मामला सामने आया है. ठगों ने खुद को जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाया. इसके बाद चार दिनों में 73.3 लाख रुपये ऐंठ लिए. फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है. कॉलर ने बुजुर्ग महिला से कहा- आपका मोबाइल नंबर एक पाकिस्तानी सैनिक से जुड़ा हुआ है, जो पहलगाम आतंकी हमले में शामिल है. यह सुनते ही महिला घबरा गईं.

ठाणे के कल्याण में रहने वाली 82 साल की एक बुजुर्ग महिला डर के जाल में फंसकर उन्होंने अपनी जिंदगी भर की कमाई गंवा दी.

एजेंसी के अनुसार, 6 अप्रैल की बात है. महिला अपने घर में थीं, कॉलर ने बुजुर्ग महिला से कहा- आपका मोबाइल नंबर एक पाकिस्तानी सैनिक से जुड़ा हुआ है, जो पहलगाम आतंकी हमले में शामिल है. यह सुनते ही महिला घबरा गईं. कॉलर ने कहा कि आप पर केस बन सकता है… आपको डिजिटल अरेस्ट किया जा सकता है. महिला को लगा कि कहीं उन्हें सच में गिरफ्तार न कर लिया जाए.

फिर ठगों ने कहा कि हम आपकी मदद कर सकते हैं… आपको अपनी बेगुनाही साबित करनी होगी. यहीं से शुरू हुआ असली खेल. महिला को बताया गया कि उनके बैंक खातों की जांच करनी होगी. इसके लिए उन्हें कुछ वेरिफिकेशन ट्रांजेक्शन करने होंगे. उन्हें भरोसा दिलाया गया कि यह सिर्फ प्रक्रिया का हिस्सा है और पैसे वापस मिल जाएंगे.

डर और भरोसे के बीच फंसी महिला ने पहला ट्रांजेक्शन कर दिया. लेकिन यह सिर्फ शुरुआत थी. अगले चार दिन- 6 अप्रैल से 10 अप्रैल तक महिला लगातार ठगों के संपर्क में रहीं. अलग-अलग मोबाइल नंबरों से कॉल आते रहे. कभी फोन, कभी वॉट्सएप- हर जगह से निर्देश मिलते रहे. चार दिनों में उन्होंने कुल 73.3 लाख रुपये अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए.

10 अप्रैल के बाद अचानक कॉल आना बंद हो गया. वॉट्सएप पर कोई जवाब नहीं मिला. महिला ने कई बार संपर्क करने की कोशिश की, पर कोई भी जवाब ना मिलने पर सच्चाई समझ में सामने आने लगी. उन्हें एहसास हुआ कि जिन लोगों पर उन्होंने भरोसा किया, वे कोई अधिकारी नहीं, बल्कि साइबर ठग थे. उनके साथ ठगी हो चुकी थी.

हैरान और परेशान महिला ने हिम्मत जुटाई और महात्मा फुले चौक पुलिस स्टेशन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में पांच मोबाइल नंबरों की पहचान की गई है, जिनका इस्तेमाल इस ठगी में किया गया. अब पुलिस इन नंबरों के जरिए आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है. 

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m