कुमार इंदर, जबलपुर। Jabalpur News: मध्य प्रदेश के जबलपुर में रविवार को क्राइम की कई घटनाएं सामने आईं। ग्राहकों ने नकली सोने को असली बताकर बैंक को 16 लाख रुपए का चूना लगा दिया। जुए के बड़े फड़ पर पुलिस ने छापा मारा। वहीं गांजा तस्करी करते हुए पुलिस ने 3 महिलाओं समेत 6 को गिरफ्तार किया है।
सराफा कारोबारियों का ‘गोल्डन’ क्राइम
ग्राहकों ने पंजाब नेशनल बैंक में नकली जेवर को असली बताकर गिरवी रखा और बैंक को 16 लाख रुपए का चूना लगा दिया। दरअसल, बुसरा कुरैशी, लक्ष्मी कडेरे, निशा मंसूरी, सुशीला पटेल, सचिन उरमलिया, सोमनाथ और सुंदर साहू के जेवर बैंक में गिरवी रखे थे। इन ज्वेलरी की जांच करने के लिए आशुतोष सराफ और राजेश सोनी को गोल्ड वेल्यूअर की पैनल में रखा गया था।

परीक्षण करने वाले सराफा कारोबारी ने 29 सितंबर से 11 नवंबर तक किए गए परीक्षण में ग्राहकों के सोने को असली बताया। लेकिन अलग जांच करने के बाद अधिकारी उस वक्त सन्न रह गए जब उन्होंने पाया कि गिरवी रखा गया सोना नकली था। बैंक प्रबंधन ने पूरे मामले की लार्डगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई है। वहीं परीक्षण करने वाले दो सराफा कारोबारियों पर एफआईआर दर्ज की है।
जुए के बड़े फड़ पर पुलिस रेड
बेलबाग थाना पुलिस ने भानतलैया इलाके में हाई-प्रोफाइल जुए के फड़ पर छापा मारा। मौके से 10 जुआरियों को गिरफ्तार किया और सभी का जुलूस निकाला। रस्सी से आरोपियों को बांधकर जुलूस निकालते हुए पुलिस थाने तक लेकर पहुंची। पुलिस ने आरोपियों के पास से ताश के पत्ते और 1 लाख 6 हजार नकद जब्त किए।

दरअसल, मूर्तिकार की गली में लाइट जलाकर जुआरी दांव लगा रहे थे। मुखबिर की सूचना पर घमापुर पुलिस ने छापामार कार्रवाई की जिससे फड़ पर भगदड़ मच गई। भगदड़ के बाद भी पुलिस ने घेराबंदी कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया। जुआरी पनागर, गढ़ा, हनुमानताल और गोहलपुर के रहने वाले हैं। आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने जुआ एक्ट की धारा 13 के तहत मामला दर्ज किया है।
गांजा तस्करी पर पुलिस का बड़ा एक्शन
पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। जहां 3 महिलाओं सहित 6 आरोपियों को 7 किलो 206 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 3 लाख 60 हजार रुपए है।

दरअसल, आरोपी उड़ीसा से लाकर जबलपुर में गांजे को बेचने की तैयारी कर रहे थे। क्राइम ब्रांच और तिलवारा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सभी को गिरफ्तार किया और NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।

