अहमदाबाद: शहर के निकोल इलाके में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक तेज रफ्तार और बेकाबू फॉर्च्यूनर कार ने फुटपाथ पर चल रहे चार लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में मां और उसके 15 वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के वक्त कार चला रहा आरोपी कथित तौर पर शराब के नशे में धुत था। पुलिस ने तलाशी के दौरान गाड़ी से बीयर की छह बोतलें/कैन बरामद की हैं। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 (गैर-इरादतन हत्या) समेत मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

अक्षर अस्पताल के पास हुआ दर्दनाक हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा निकोल स्थित अक्षर अस्पताल के पास रात करीब 9:30 बजे हुआ। चनिया-चोली बेचने वाली पूनमबेन जितेंद्रभाई नागवाडिया अपने 15 वर्षीय बेटे सागर नागवाडिया के साथ फुटपाथ के किनारे मौजूद थीं। इसी दौरान उनके पास चनिया-चोली खरीदने आए एक पति-पत्नी (कार्तिक वसोया और एक अन्य महिला) भी वहां खड़े थे। तभी तेज रफ्तार में आई फॉर्च्यूनर कार ने नियंत्रण खो दिया और फुटपाथ पर चढ़कर चारों को रौंद दिया।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पूनमबेन और उनके बेटे सागर की गंभीर चोटों के कारण मौत हो गई। वहीं, ग्राहक के रूप में आए कार्तिक वसोया और महिला गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

कार से मिलीं बीयर की 6 कैन, भीड़ ने की आरोपी की पिटाई

घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने भागने की कोशिश कर रहे कार चालक को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद भीड़ ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़े गए आरोपी चालक की पहचान 36 वर्षीय विरल सावजीभाई चौधरी के रूप में हुई है। पिटाई में चोटिल होने के कारण आरोपी चालक को भी इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।

मामले की जांच कर रही आई-डिवीजन ट्रैफिक पुलिस ने जब दुर्घटनाग्रस्त फॉर्च्यूनर कार की गहन तलाशी ली, तो पहले दो और बाद में चार, यानी कुल 6 बीयर की कैन बरामद हुईं।

आरोपी का पहले भी कट चुका है ओवरस्पीडिंग का मेमो

पुलिस पड़ताल में यह बात भी सामने आई है कि आरोपी चालक की गाड़ी का पहले भी नियम उल्लंघन का रिकॉर्ड रहा है। 26 फरवरी 2026 को एसपी रिंग रोड पर अत्यधिक रफ्तार में गाड़ी चलाने के कारण इस कार का ओवरस्पीडिंग का ई-मेमो जारी किया गया था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें

खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें