प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को महाराष्ट्र के पुणे को करीब 21,800 करोड़ रुपये की मेट्रो परियोजनाओं की बड़ी सौगात दी। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उन्होंने 23 किलोमीटर लंबी पुणे मेट्रो लाइन-3 (पिंक लाइन) का उद्घाटन किया। इसके साथ ही पुणे मेट्रो के दूसरे चरण (फेज-2) की आधारशिला भी रखी। इन परियोजनाओं से पुणे की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था मजबूत होगी और लाखों यात्रियों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है।

8,300 करोड़ की लागत से तैयार हुई पुणे मेट्रो पिंक लाइन

पुणे मेट्रो की 23 किलोमीटर लंबी पिंक लाइन को 8,300 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार किया गया है। यह लाइन हिंजेवाड़ी और शिवाजीनगर जैसे प्रमुख क्षेत्रों को जोड़ेगी। हिंजेवाड़ी पुणे का प्रमुख IT हब है, जहां बड़ी संख्या में लोग काम करते हैं। ऐसे में मेट्रो सेवा शुरू होने से IT सेक्टर में कार्यरत कर्मचारियों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलने और यात्रा का समय बचने की उम्मीद है। वहीं, पुणे मेट्रो फेज-2 पर करीब 13,500 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। दोनों परियोजनाओं का कुल निवेश लगभग 21,800 करोड़ रुपये है।

2014 के बाद देश में तेजी से बढ़ा मेट्रो नेटवर्क: PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 2014 से पहले देश में मेट्रो नेटवर्क केवल 248 किलोमीटर था और सिर्फ पांच शहरों में मेट्रो सेवाएं उपलब्ध थीं। आज देश का परिचालन मेट्रो नेटवर्क बढ़कर करीब 1,200 किलोमीटर हो गया है और 26 शहरों में मेट्रो चल रही है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने शहरी परिवहन को प्राथमिकता देते हुए मध्यम वर्ग के लिए सफर आसान बनाने और शहरों की कनेक्टिविटी बेहतर करने पर विशेष ध्यान दिया है।

पुणे के विकास को मिलेगी नई रफ्तार

पीएम मोदी ने कहा कि पुणे IT, ऑटोमोबाइल, फार्मा, स्टार्टअप और मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में युवाओं के लिए बड़े अवसरों का शहर बन चुका है। बेहतर मेट्रो कनेक्टिविटी से शहर के आर्थिक विकास को गति मिलेगी और लोगों का जीवन आसान होगा।

30% बिजली खुद बनाएगी पुणे मेट्रो

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि पुणे मेट्रो अपनी कुल बिजली जरूरत का 30 फीसदी उत्पादन खुद करेगी। इससे मेट्रो को ग्रीन और पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि पुणे मेट्रो कई नए रिकॉर्ड भी स्थापित कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m