कुंदन कुमार, पटना। राजधानी पटना में प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। कुर्जी इलाके में गेट नंबर 79 से लेकर गेट नंबर 83 तक अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन द्वारा बुलडोजर एक्शन चलाया जा रहा है। वहीं, अवैध निर्माणों को हटाने का काम किया जा रहा है। जिला प्रशासन के आदेश के बाद शुरू हुई इस कार्रवाई में करीब 35 मकानों को चिन्हित किया गया है, जिन्हें ध्वस्त किया जा रहा है।

अवैध तरीके से बने मकानों पर कार्रवाई

मिली जानकारी के अनुसार जिन मकानों को चिन्हित किया गया है, ये सभी मकान बांध पर अवैध तरीके से बनाए गए थे, जिसे लेकर पहले भी कई बार नोटिस जारी किया गया था। वहीं, अब प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए पूरे इलाके को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान शुरू किया है। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद हैं, ताकि कार्रवाई के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने। बुलडोजर चलते ही इलाके में हलचल बढ़ गई है और आसपास के लोग भी इसे देखने के लिए जुट गए।

आगे भी जारी रहेगा बुलडोजर एक्शन

प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई नियमों के तहत की जा रही है और आगे भी ऐसे अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। वहीं, प्रभावित लोगों में नाराजगी भी देखने को मिल रही है, लेकिन प्रशासन फिलहाल अपने फैसले पर कायम है। इसके साथ ही इस बात की भी चर्चा हो रही है कि सम्राट चौधरी के सीएम बनते ही एक बार फिर से बुलडोजर एक्शन शुरू हो गया है। गौरतलब है कि 2025 विधानसाभ चुनाव में जीत के बाद जब सम्राट चौधरी ने गृह विभाग की जिम्मेदारी संभाली थी तो, उस समय भी बुलडोजर का तगड़ा एक्शन देखने को मिला था। उस समय बुलडोजर एक्शन के खिलाफ लोगों में काफी नाराजगी भी देखने को मिली थी।

ये भी पढ़ें- ‘CM तो बन गए, लेकिन बिल नहीं समझ आया’, तेजस्वी यादव का सम्राट चौधरी पर बड़ा हमला