उमेश यादव, सागर। जिले के सानौधा थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रसिद्ध पर्यटन स्थल आपचंद गुफा के पास नदी में अचानक जलस्तर बढ़ने से 9 युवक-युवतियां बीच नदी में बने एक टापू पर फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया। देर रात तक चले ऑपरेशन के बाद सभी युवक-युवतियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची
दरअसल शहर के रहने वाले युवक-युवतियों का एक दल आपचंद गुफा क्षेत्र में घूमने पहुंचा था। इसी दौरान नदी में अचानक पानी बढ़ गया। देखते ही देखते नदी का जलस्तर बढ़ने से सभी लोग बीच नदी में स्थित टापू पर घिर गए और सुरक्षित बाहर निकलने का रास्ता बंद हो गया। घटना की सूचना मिलते ही सानौधा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। नदी में तेज बहाव और रात का अंधेरा होने के कारण स्थानीय स्तर पर बचाव कार्य करना मुश्किल था। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया गया।
एसडीआरएफ के जवानों ने रेस्क्यू उपकरणों और बोट की मदद से बेहद सावधानी के साथ बचाव अभियान शुरू किया। भारी मशक्कत के बाद टीम ने एक-एक कर सभी 9 युवक-युवतियों को सुरक्षित नदी किनारे पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय विधायक गोपाल भार्गव भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से बचाव अभियान की जानकारी ली और राहत एवं रेस्क्यू कार्य का जायजा लिया। समय रहते पुलिस और एसडीआरएफ की टीम के पहुंचने से बड़ा हादसा टल गया। रेस्क्यू किए गए सभी युवक-युवतियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

