बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को सीने में संक्रमण की शिकायत के बाद नई दिल्ली के इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 98 वर्षीय आडवाणी को शुक्रवार (18 अक्टूबर) शाम अस्पताल लाया गया था। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, उनकी हालत फिलहाल स्थिर है और डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी सेहत पर नजर रख रही है।

ICU में लालकृष्ण आडवाणी का इलाज, डॉक्टरों की निगरानी जारी

अस्पताल अधिकारियों के अनुसार, लालकृष्ण आडवाणी को शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे अस्पताल में भर्ती कराया गया। सीने में संक्रमण के कारण उन्हें ICU में रखा गया है। फिलहाल उनका इलाज पल्मोनरी विभाग में चल रहा है और न्यूरोलॉजी के वरिष्ठ सलाहकार डॉ. विनीत सूरी की देखरेख में उनकी चिकित्सा की जा रही है। डॉक्टरों के मुताबिक, उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है। हालांकि, उम्र और स्वास्थ्य को देखते हुए उनकी हालत पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

जेपी नड्डा ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता जेपी नड्डा शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे अपोलो अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने लालकृष्ण आडवाणी के स्वास्थ्य की जानकारी ली।

इससे पहले भी आडवाणी को उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं के चलते इसी साल मई में अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कुछ दिनों के उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी।

पीएम मोदी ने हाल ही में लिया था आडवाणी का आशीर्वाद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर को नई दिल्ली स्थित लालकृष्ण आडवाणी के आवास पर उनसे मुलाकात की थी। इस दौरान प्रधानमंत्री ने सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान और मार्गदर्शन के लिए आभार जताया था। मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर आडवाणी के दशकों के सार्वजनिक जीवन और देश की प्रगति में उनकी भूमिका की सराहना की थी।

कौन हैं लालकृष्ण आडवाणी?

लालकृष्ण आडवाणी का जन्म 8 नवंबर 1927 को कराची में हुआ था, जो अब पाकिस्तान का हिस्सा है। बीजेपी को देशव्यापी राजनीतिक पहचान दिलाने में उनकी अहम भूमिका रही है। वर्ष 1990 में उनकी राम रथ यात्रा भारतीय राजनीति का महत्वपूर्ण पड़ाव बनी। साल 2024 में उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया था।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m