दीपक कौरव, नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर में एक मासूम के साथ दुष्कृत्य और हत्या का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। पूरी घटना गोटेगांव थाना क्षेत्र की है। मात्र 8 साल की मासूम, जो सरकारी स्कूल की कक्षा 3 में पढ़ती थी, बीते कल यानी 5 अगस्त को स्कूल गई थी। आरोपी अनिल उर्फ अन्नू यादव स्कूल पहुंचा और बच्ची से कहा कि आपके पापा आपको घर बुला रहे हैं, आपके लिए कुछ अच्छी चीज लाए हैं। नन्ही मासूम शिक्षक से छुट्टी लेकर इस दरिंदे के साथ चली गई। आरोपी उसे बाइक से जंगल ले गया, जहां उसने दरिंदगी की सारी हदें पार करते हुए दुष्कर्म किया और उसकी हत्या कर दी। शव को जंगल में ही फेंक दिया।
READ MORE: मजदूरी करने आई महिला ने चुराया मासूम बच्चा! मंडला भागने की फिराक में थी आरोपी, CCTV में कैद हुई करतूत
स्कूल की छुट्टी के बाद बच्ची का बैग स्कूल में रखा देख शिक्षक ने घर पर सूचना दी। परिजनों ने खोजबीन शुरू की और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने कमान संभाली। 50 पुलिसकर्मियों सहित सैकड़ों ग्रामीणों के साथ जंगल में सर्च अभियान चलाया गया। आखिरकार बच्ची का शव बरामद हुआ और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इस पूरी घटना से नरसिंहपुर के आमजनों में भारी आक्रोश है। लोगों ने विरोध दर्ज कराते हुए पुलिस को ज्ञापन दिया और आरोपी को फांसी की सजा दिलाने की मांग की है। पुलिस ने आरोपी को जल्द से जल्द कड़ी से कड़ी सजा दिलाने का आश्वासन दिया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


