नारनौल: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को नारनौल के पास गांव गोद में वडनगर से वाराणसी सेवा यात्रा का स्वागत किया। उन्होंने यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह यात्रा केवल एक स्थान तक पहुंचने का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि समाज और राष्ट्र के लिए काम करने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि इंसान से बड़ा संगठन, संगठन से बड़ा समाज और समाज से बड़ा राष्ट्र है। इसलिए सभी को राष्ट्रहित में काम करना चाहिए।

पीएम मोदी के नेतृत्व में देश ने की तरक्की: सैनी

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की चर्चा करते हुए कहा कि पिछले 25 वर्षों में उनके नेतृत्व में विकास के कई काम हुए हैं। गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए नरेंद्र मोदी ने राज्य को नई पहचान दिलाई। वहीं, साल 2014 से केंद्र में उनकी सरकार बनने के बाद देश और हरियाणा में कई विकास योजनाएं लागू की गईं। सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने हमेशा देश के विकास, गरीबों के कल्याण, महिलाओं की चिंता, रोजगार और उद्योगों को बढ़ावा देने पर ध्यान दिया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिना छुट्टी लिए देश की सेवा की है। उनके नेतृत्व में भारत विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और दुनिया में देश का नाम रोशन हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वडनगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्मभूमि है और वाराणसी उनकी कर्मभूमि है। यह यात्रा दोनों स्थानों से जुड़ी है और हरियाणा में इसका पहला पड़ाव नारनौल रहा।

नारनौल की धरती का देश की रक्षा में रहा योगदान

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नारनौल के ऐतिहासिक महत्व का जिक्र करते हुए कहा कि यह प्राचीन ऋषि-मुनियों की धरती है। उन्होंने क्षेत्र के जवानों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि जब-जब देश पर युद्ध के हालात बने, तब-तब इस क्षेत्र के सैनिकों ने देश की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि यहां के जवानों ने हमेशा अपने क्षेत्र और देश का नाम रोशन किया है।

सेवा यात्रा को बताया राष्ट्रहित का संकल्प

यात्रा को हरी झंडी दिखाने के बाद पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि वडनगर से वाराणसी तक निकली इस सेवा यात्रा का हरियाणा में कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि यह कोई साधारण यात्रा नहीं है, बल्कि देश की सेवा और विकास के संकल्प से जुड़ी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना जीवन देश के विकास और गरीबों के कल्याण के लिए समर्पित किया है। यात्रा का नारनौल पहुंचना क्षेत्र के लिए खुशी की बात है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m