चंडीगढ़। पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस विंग को नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। अमृतसर में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया और एक आरोपी को 20 किलो हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार भी पुलिस ने जब्त कर ली है।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान तरनतारन निवासी ओम शर्मा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह विदेश में बैठे एक हैंडलर के इशारे पर काम कर रहा था, जिसके संबंध सीमा पार सक्रिय तस्करों से जुड़े हुए हैं।
जांच एजेंसियों के अनुसार, पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से अजनाला के सीमावर्ती क्षेत्र में हेरोइन की खेप पहुंचाई जाती थी। इसके बाद यह खेप आरोपी ओम शर्मा तक पहुंचती थी, जो इसे पंजाब के विभिन्न इलाकों में अन्य तस्करों और खरीदारों तक पहुंचाने का काम करता था।
खुफिया सूचना मिलने के बाद काउंटर इंटेलिजेंस अमृतसर की टीम ने फतेहगढ़ चूड़ियां रोड स्थित सोहियां कलां क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी को उस समय गिरफ्तार किया, जब वह हेरोइन की खेप की डिलीवरी देने जा रहा था। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 20 किलो हेरोइन बरामद हुई।
डीजीपी ने बताया कि पुलिस अब इस पूरे तस्करी नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस मॉड्यूल का पहले पकड़े गए ड्रग तस्करी गिरोहों से कोई संबंध है या नहीं।
इस मामले में अमृतसर स्थित स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) थाने में 31 जुलाई को एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 21, 25 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।
- आरक्षण पर आपत्तिजनक पोस्ट से मचा बवाल: ‘जनमन’ के संपादकीय सलाहकार अनिल द्विवेदी की छुट्टी
- कहीं सड़कें टूट रहीं है, तो कहीं… अखिलेश यादव ने भाजपा पर साधा निशाना, भ्रष्टाचार को लेकर कह दी बड़ी बात
- PM मोदी की आपत्तिजनक वॉल पेंटिंग पर विवाद! बीजेपी ने जताया विरोध, पुतवाकर पुलिस को दी सूचना, FIR दर्ज
- ईडी की बड़ी कार्रवाई: रहेजा डेवलपर्स की 782 करोड़ की संपत्तियां कुर्क
- ताज नगरी में गूंजेगी शिव स्तुति: ‘शिव लोक थीम पार्क’ में उज्जैन के ‘महाकाल लोक’ जैसा होगा आध्यात्मिक अनुभव


