दुर्ग। लुचकी पारा तालाब के पास शनिवार की सुबह लगभग 11.30 बजे एक नाबालिग लड़की की रक्त रंजित लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस के अधिकारी एवं पुलिस टीम पहुंची और जांच प्रारंभ कर दी है।

य़ह भी पढ़ें : पॉवर सेंटर : घायल शेरनी… बिसात… राजनीतिक थर्मामीटर… फंड… ई-ऑफिस रिजल्ट… – आशीष तिवारी

पुलिस ने बताया कि वार्ड 6 लुचकी तालाब के पास नाबालिग लड़की एक युवक के साथ पति-पत्नी के तौर पर रह रहे थे। मृतका के गले में मंगलसूत्र एवं मांग में सिंदूर भी भरा हुआ मिला है। दोनों के अलावा घर में और कोई अन्य व्यक्ति नहीं रहता था। उसके सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किए जाने के निशान भी थे।

घटना के बाद मृतका का ससुर जब घर पहुंचा, तब उसे वहां लड़की की लाश दिखी। उसने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी थी। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि पति ने आपसी विवाद के बाद किसी भारी वस्तु से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी गई है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर शोभराज अग्रवाल ने बताया कि घटना के बाद से उसका पति है। अब उसकी हत्या किसने की है, इसको लेकर पुलिस जांच में जुटी हुई है। फोरेंसिक एक्सपर्ट टीम की मदद ली जा रही है, अलग-अलग टीम बनाकर फरार पति की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।

हेरोइन तस्करी के फरार तीन आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। हेरोइन तस्करी के प्रकरण में फरार चल रहे तीन आरोपियों को खुर्सी पार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से पूर्व में 70.460 ग्राम हेरोइन, नगदी रकम, सोने चांदी के आभूषण, मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक तराजू सहित लगभग 29.22 लाख रुपए की सामग्री जब्त की गई थी।

पुलिस ने बताया कि 19 सितंबर को खुर्सीपार पुलिस को सूचना मिली थी कि जोन क्रमांक 3 खुर्सीपार स्थित एक मकान में अवैध रूप से मादक पदार्थ हेरोइन का विक्रय किया जा रहा है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची टीम ने विधिवत कार्रवाई की थी। कार्रवाई के दौरान 70.460 ग्राम हेरोइन, रकम, आभूषण आदि जब्त किए गए थे।

विवेचना के दौरान प्रकरण में फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए खुर्सी पार पुलिस की टीम लगातार प्रयास कर रही थी 25 सितंबर को पुलिस ने तीनों फरार आरोपियों सैमसंग प्रसाद उर्फ सल्लू निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी जामुल, गुरमीत सिंह उर्फ लक्की निवासी खुर्सीपार तथा आशीष कुमार शाह निवासी शिवाजी नगर खुर्सीपार को गिरफ्तार कर लिया है।

अर्बन कंपनी के साथ शंकराचार्य हॉस्पिटल पर लगा जुर्माना

भिलाईनगर। भिलाई निगम द्वारा आज अर्बन कंपनी को शंकराचार्य हॉस्पिटल से ठोस अपशिष्ट के साथ बायोमेडिकल वेस्ट प्राप्त कर सब्जी मंडी के पीछे डालने पर अर्बन कंपनी को 25000 रुपए एवं शंकराचार्य हॉस्पिटल को रुपये 10000 का अर्थ दंड से दंडित किया है।
बता दें कि अर्बन कंपनी को शंकराचार्य अस्पताल से ठोस अपशिष्ट को प्राप्त किया जाना है, लेकिन उनके कमर्चारियों द्वारा ठोस अपशिष्ट के साथ बायोमेडिकल कचरा भी प्राप्त कर सब्जी मंडी के पीछे डंप करने के कारण अनुबंध शर्तों का उल्लंघन एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम के विपरीत कार्य को दृष्टिगत रखते हुए 25000 रुपये का जुर्माना अधिरोपित कर आगामी देयक से कटौती किए जाने के निर्देश दिए हैं।

शंकराचार्य अस्पताल द्वारा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं बायोमेडिकल अधिनियम का उल्लंघन करने के कारण उक्त हॉस्पिटल के विरुद्ध 10000 रुपए का अर्थ दंड से दंडित किया है। उक्त राशि वसूली किए जाने के लिए जोन 1 के सहायक स्वास्थ्य अधिकारी अंकित सक्सेना को निर्देश दिए हैं।

सुपेला अस्पताल के नए प्रभारी डॉ. बालवेंद्रे

भिलाईनगर। डॉ. पियम सिंह सुपेला अस्पताल से रिलीव हो गए हैं। उनके स्थान पर अब डॉ. बालवेंद्रे नए प्रभारी होंगे। गुरुवार को सीएमएचओ डॉ. मनोज दानी ने उन्हें त्रुटि पूर्ण स्थानांतरण आदेश के परिपालन में बिलासपुर के लिए रिलीव कर दिया।

पूर्व सीएमएचओ डॉ. जेपी मेश्राम ने उन्हें भिलाई-3 से सुपेला संबद्ध कर अस्पताल का प्रभार सौंपा था। तब से अब तक वे यहीं थे। स्थानांतरण आदेश में उन्हें मूल तौर पर लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल सुपेला में पदस्थ बता दिया गया था। हालांकि स्वयं के स्थानांतरण के विरुद्ध उन्होंने हाईकोर्ट में याचिका भी दायर की थी, जिस संदर्भ में न्यायालय ने संभवतः डायरेक्टर हेल्थ व सीएमएचओ को कोई एक्शन नहीं लेने का आदेश जारी किया था। फिर भी संचालनालय से ताजा आदेश आते ही सीएमएचओ डॉ. दानी ने डॉ. पियम का रिलीविंग आदेश जारी कर दिया। इस पर सिविल सर्जन डॉ. आशीषन मिंज ने शुक्रवार को वरिष्ठ निश्चेतना विशेषज्ञ डॉ. संजय बालवेंद्रे को सुपेला का नया अस्पताल प्रभारी बना दिया है।

सेवानिवृत्त कार्मिक कल्याण संघ लड़ेगा निगम चुनाव

भिलाईनगर। सेवानिवृत्त कार्मिक कल्याण संघ की साप्ताहिक बैठक शनिवार को सिविक सेंटर स्थित पायोनियर मॉन्यूमेंट में हुई। आज संघ ने आवास समस्या का समाधान नहीं हो पाने पर सुमन कन्नौज को महापौर प्रत्याशी के रूप में उतारने का ऐलान कर दिया। वार्डों से पार्षद प्रत्याशी भी लड़ाया जाएगा।

सदस्यों ने आज बैठक में कहा कि उन्होंने अपने सेवाकाल में संयंत्र के विकास और कठिन दौर में लगातार योगदान दिया, लेकिन सेवानिवृत्ति के बाद उनके आवास का स्थायी समाधान नहीं हो पाया। संघ के अनुसार, पिछले करीब डेढ़ वर्ष से आंदोलन के बावजूद अब तक लिखित समाधान नहीं मिला है।

बैठक में किराये में कमी तथा मौजूदा मुद्रीकरण नीति में बदलाव की मांग दोहराई गई। संघ ने कहा कि यदि आचार संहिता लागू होने से पहले इन मांगों पर लिखित आदेश नहीं आता है और मकान खाली कराने संबंधी कार्रवाई पर रोक नहीं लगती है, तो संघ आगामी निगम चुनाव में प्रत्यक्ष राजनीतिक भागीदारी करेगा।

संघ के अनुसार, सुमन कन्नौजे वतर्मान में भाजपा से जुड़ी हैं और चुनावी दावेदारी की स्थिति में अपने संगठनात्मक पदों से इस्तीफा देने की बात कह चुकी हैं। अध्यक्ष सुरेश चंद सहित सदस्यों ने कहा कि संघ किसी राजनीतिक दल के पक्ष या विपक्ष में नहीं है, बल्कि आवास समस्या के स्थायी समाधान की मांग कर रहा है। सदस्यों ने कहा कि अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि लिखित निर्णय चाहिए। समाधान नहीं होने पर आंदोलन को चुनावी मंच पर ले जाने की चेतावनी दी गई।

डोंगरगढ़ में आज झांकियों के दर्शन के साथ होगा गणेश उत्सव का समापन

डोंगरगढ़। धर्मनगरी डोंगरगढ़ में गणेश उत्सव का आज झांकियों के दर्शन के साथ समापन होगा। 14 सितंबर से गणेश प्रतिमाओं की स्थापना के बाद शहर के विभिन्न पंडालों में 10 से 12 दिनों तक गणेशोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान बच्चों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं और प्रसाद वितरण किया गया।

भारी बारिश के कारण इस वर्ष गणेश झांकियों का आयोजन एक दिन विलंब से किया जा रहा है। झांकी आयोजन को लेकर शुक्रवार को जनपद पंचायत सभागृह में प्रशासन और गणेश उत्सव समितियों की बैठक हुई। एसडीएम अक्षय दोषी, एसडीओपी केसरी नंदन नायक और थाना प्रभारी एवं प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक सुमन जायसवाल की मौजूदगी में समितियों के पदाधिकारियों के साथ आयोजन की व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।

बैठक में प्रशासन और समितियों के बीच सहमति के बाद आज झांकी निकालने का निर्णय लिया गया। प्रशासन ने समितियों को सुरक्षा, यातायात और आयोजन से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। बैठक में ट्रक समिति के अध्यक्ष मनोज अग्रवाल और हरीश भंडारी सहित विभिन्न गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m