धर्मेंद्र योगी, खातेगांव। देवास जिले के खातेगांव में संचालित दिव्या नर्सिंग होम पर आयुष्मान भारत योजना और सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के तहत कथित फर्जीवाड़े का गंभीर मामला सामने आया हैं। दिव्या नर्सिंग होम से जुड़े कुछ लोग गरीब और जरूरतमंद लोगों को 1,000 रुपये का लालच देकर अस्पताल लाते हैं। 

लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) की पड़ताल में यह भी खुलासा हुआ है कि जिन लोगों को कोई गंभीर बीमारी नहीं होती, उन्हें मरीज बताकर अस्पताल के बेड पर लिटाया जाता है और उपचार का दिखावा कर फोटो लिए जाते हैं। उनके आधार कार्ड, समग्र आईडी और बैंक पासबुक की प्रतियां लेकर सरकारी योजनाओं से हजारों रुपये के दावे किए जाते हैं। स्थानीय स्तर पर यह भी आरोप लगाए जा रहे हैं कि इस पूरे मामले में दलालों की भूमिका है। अमजद खान नामक व्यक्ति पर मरीजों को अस्पताल तक लाने का आरोप लगाया गया है।

मामले में यह दावा भी किया जा रहा है कि अस्पताल के स्वामित्व को लेकर भ्रामक जानकारी दी जा रही है। हालांकि इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन यह सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं में बड़े आर्थिक घोटाले का मामला है। 

इस पूरे मामले में खातेगांव के ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (बीएमओ) डॉ. शुभम तिवारी का नाम भी स्थानीय चर्चाओं में लिया जा रहा है। कहा जा रहा हे कि यह अस्पताल खातेगांव बीएमओ शुभम तिवारी का है। हालांकि इस संबंध में कोई आधिकारिक दस्तावेज या जांच रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं हुई है। स्थानीय लोगों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m