शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सरकारी जमीन बेचने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि एक कॉलोनाइजर ने 3.90 करोड़ में शासकीय भूमि बेच दी। इस मामले में ईओडब्ल्यू ने पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। कॉलोनाइजर कंपनी के डायरेक्टर समेत अन्य आरोपियों को नामजद किया है।

यह पूरा मामला भोपाल के पटेल नगर कॉलोनी का बताया जा रहा है। मिली जानकारी के मुताबिक, करीब 90 एकड़ सरकारी जमीन पर कॉलोनी बसाने का आरोप है। ग्राम हथाईखेड़ा, खजूरी खुर्द और रायसेन रोड की जमीन पर कॉलोनी बसाई गई है। स्कूल, पार्क और खुली जगह के लिए आरक्षित सरकारी जमीन भी बेची गई। आरोपियों ने 1.212 एकड़ सरकारी जमीन 3.90 करोड़ रुपए में बेच दी।

ये भी पढ़ें: MP Morning News: राजधानी में निकलेगी तिरंगा यात्रा, बड़वानी दौरे पर CM डॉ मोहन, भोपाल की खुशी ने जीता Gold Medal, 10वीं-12वीं का टाइम टेबल जारी

महिला को फर्जी दस्तावेजों के जरिए 1.10 करोड़ रुपए में प्लॉट बेचने का भी आरोप है। जांच में कॉलोनी में सड़क, सीवर और अन्य बुनियादी सुविधाएं नहीं मिलने की बात सामने आई है। स्कूल के लिए आरक्षित जमीन पर व्यावसायिक निर्माण की अनुमति दिलाने के प्रयास का भी आरोप है।

इस पूरे मामले में ईओडब्ल्यू ने गंधर्व लैंड एंड फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक अनुज ग्रोवर, खरीदारों जय प्रताप सिंह यादव, अभिषेक आनंद, मनीष नायक और प्रेमानंद नायक समेत अन्य के खिलाफ गुरुवार को मामला दर्ज किया है। फिलहाल मामले की जांच पड़ताल जारी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m