डेनमार्क के राजदूत रासमुस एबिल्डगार्ड क्रिस्टेनसेन ने मिर्जापुर में जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण जलापूर्ति योजना का दौरा किया. उन्होंने नरैना कला के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की कार्यप्रणाली समझी और भारत-डेनमार्क जल साझेदारी पर बात की.
मिर्जापुर. डेनमार्क के राजदूत रासमुस एबिल्डगार्ड क्रिस्टेनसेन ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले का दौरा किया. उन्होंने दुहौआ गांव में जल जीवन मिशन के तहत आयोजित ‘जल अर्पण’ समारोह में हिस्सा लिया, जहां ग्रामीण जलापूर्ति योजना औपचारिक रूप से स्थानीय समुदाय को सौंपी गई.
प्लांट का निरीक्षण
दौरे की शुरुआत लालगंज क्षेत्र के नरैना कला गांव स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से हुई. सूचना विभाग की विज्ञप्ति के अनुसार, राजदूत ने संयंत्र का निरीक्षण किया और इसके संचालन के साथ पर्यवेक्षी नियंत्रण एवं डेटा अधिग्रहण यानी एससीएडी प्रणाली की जानकारी ली.
उन्होंने जल स्रोत से लेकर घरों तक नल के माध्यम से पानी पहुंचने की पूरी प्रक्रिया को भी समझा. बेलन नदी से प्राप्त पानी को इस संयंत्र में उपचारित किया जाता है और जल जीवन मिशन के तहत 258 गांवों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है.
जल सुरक्षा पर जोर
कंपनी के हेड विनोद मिश्रा ने जल जीवन मिशन के समर्थन में कंपनी और डेनमार्क के बीच साझेदारी की जानकारी दी. उन्होंने एक ‘आदर्श गांव’ मॉडल विकसित करने की परिकल्पना का भी उल्लेख किया.
विनोद मिश्रा ने जल सुरक्षा को मजबूत करने के लिए पानी की उपलब्धता, पहुंच और गुणवत्ता पर ध्यान देने की जरूरत बताई. उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पीछे न छूटे.
भारत-डेनमार्क साझेदारी
राजदूत रासमुस एबिल्डगार्ड क्रिस्टेनसेन ने कहा कि जल क्षेत्र में भारत और डेनमार्क के बीच लंबे समय से मजबूत साझेदारी है. उनके मुताबिक, दोनों देश जल संसाधनों के सतत और कुशल प्रबंधन तथा उन पर निर्भर समुदायों की सक्रिय भागीदारी को जरूरी मानते हैं.
उन्होंने कहा कि भारत के साथ सहयोग के जरिए डेनमार्क को जल जीवन मिशन के समर्थन पर गर्व है. उन्होंने बताया कि कंपनी के साथ मिलकर ग्रामीण परिवारों तक विश्वसनीय और सुरक्षित पेयजल पहुंचाने के लिए काम किया जा रहा है.
राजदूत ने यह भी कहा कि डेनमार्क जल जीवन मिशन का समर्थन करने वाला एकमात्र अंतरराष्ट्रीय साझेदार देश है. उनके अनुसार, यह भारत और डेनमार्क के बीच साझेदारी में विश्वास और उसकी गहराई को दर्शाता है.



