प्रदीप मालवीय, उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर में भक्तों के दान से बाबा महाकाल का खजाना पिछले साल से बढ़कर रिकार्ड भरा है। इस वर्ष महाकाल मंदिर समिति को 142 करोड़ रूपए की आमदनी हुई, जबकि दान में 80 करोड़ रूपए मिले हैं। इसके अलावा 4.65 करोड़ का गुप्तदान हुआ है, पिछले साल के मुकाबले इस साल करीब 25 करोड़ रुपए ज्यादा आय हुई है, ये आंकडे दान की गिनती में सामने आए हैं।

दरअसल श्री मंदिर में “महाकाल लोक” बनने के बाद 2022 से श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के साथ साथ मंदिर की आमदनी के रास्ते भी खुले हैं।

श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा ऑनलाइन, ऑफलाइन, खाद्य सामग्री का तो दान लिया ही जाता है। साथ ही साथ मंदिर प्रशासन के द्वारा लड्डू प्रसाद का भी विक्रय किया जाता है, जिससे मंदिर समिति को कमाई होती है। इसके अलावा सशुल्क दर्शन व्यवस्था, सशुल्क भस्म आरती, संध्या आरती और शयन आरती से भी कमाई होती है।

मंदिर समिति के अनुसार, मंदिर को दान पेटियों से 62 करोड़ रुपए, नगद काउंटर पर 5 करोड़ 50 लाख रुपए, मनी ऑर्डर से 1.23 लाख रुपए, ऑनलाइन माध्यम से 3 करोड़ 60 लाख रुपए, अन्नक्षेत्र से 3 करोड़ 38 लाख रुपए ओर गुप्त दान के रूप में 4 करोड़ 65 लाख रुपए प्राप्त हुए हैं। वहीं लड्डू प्रसाद की बिक्री से 65 करोड़ रुपए की आय दर्ज की गई है। इसके अलावा श्रद्धालुओं ने करोड़ों रुपए मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण भी दान स्वरूप बाबा महाकाल को भेंट किए है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m