बक्सर। जिले के वीर कुंवर सिंह चेकपोस्ट पर शराब तस्करों ने पुलिसकर्मियों को कुचलने का प्रयास किया और महिंद्रा एक्सयूवी कार से बैरिकेडिंग उड़ा दी। हालांकि, पुलिस और उत्पाद विभाग की मुस्तैदी से बड़ा हादसा टल गया और तस्कर गाड़ी व शराब छोड़कर फरार हो गए।
सीसीटीवी में कैद हुई घटना की पूरी रोंगटे खड़े करने वाली वारदात
यह सनसनीखेज घटना 25 अगस्त की है, जिसका सीसीटीवी फुटेज अब सामने आया है। वीडियो में साफ दिखाई देता है कि चेकपोस्ट पर तैनात एक पुलिसकर्मी दौड़कर बैरिकेडिंग खींचने की कोशिश करता है, तभी तेज रफ्तार तस्करों की गाड़ी वहां पहुंचती है। तस्कर बैरिकेडिंग तोड़ते हुए आगे बढ़ते हैं और एक अन्य पुलिसकर्मी द्वारा हटाई जा रही दूसरी बैरिकेडिंग गाड़ी के नीचे फंस जाती है। तस्कर इस बैरिकेडिंग को करीब 100 मीटर तक सड़क पर घसीटते हुए ले जाते हैं।
उत्पाद विभाग की कार्रवाई: 1,025 बोतल शराब और कार जब्त
घटना के तुरंत बाद चेकपोस्ट पर मौजूद टीम और उत्पाद विभाग की टीम सक्रिय हो गई। पुलिसकर्मियों ने गाड़ी का पीछा किया, जिससे खुद को चारों तरफ से घिरता देख तस्कर वाहन को सड़क पर ही छोड़कर भाग निकले।
जब उत्पाद विभाग की टीम ने लावारिस हालत में छोड़ी गई महिंद्रा एक्सयूवी कार की तलाशी ली, तो उसमें से छिपाकर रखी गई 180 मिलीलीटर की कुल 1,025 बोतल अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही लग्जरी कार और पूरी शराब की खेप को अपने कब्जे में ले लिया है। गनीमत यह रही कि इस जानलेवा घटना में ड्यूटी पर तैनात किसी भी पुलिसकर्मी को चोट नहीं आई और सभी ने सूझबूझ से अपनी जान बचाई।
बढ़ते जलस्तर के कारण बदला तस्करों ने रूट
उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने जानकारी दी है कि कार के रजिस्ट्रेशन नंबर (BR-01 PD 6325) के आधार पर वाहन मालिक और तस्करों की पहचान की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
गौरतलब इन दिनों गंगा नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया है, जिससे नदी के रास्ते होने वाली अवैध शराब की तस्करी पर लगाम लग गई है। इसी वजह से तस्कर अब सड़क मार्ग का सहारा ले रहे हैं। इसके मद्देनजर बक्सर के वीर कुंवर सिंह चेकपोस्ट, चौसा के कर्मनाशा पुल और देवल पुल जैसे प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा और वाहनों की जांच बेहद कड़ी कर दी गई है।


