राकेश कथूरिया, कैथल। सेवा संकल्प अभियान के तहत छोटू राम इंडोर स्टेडियम में नशे के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें करीब 300 बच्चों और खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। इस दौरान योग और हैंडबॉल के मैच कराए गए। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण भी किया गया।

कार्यक्रम में अंतर्राष्ट्रीय बॉक्सिंग कोच गुरमीत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा युवाओं के भविष्य को बर्बाद कर देता है। युवाओं को नशे से दूर रहकर खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ना चाहिए।

गुरमीत सिंह ने कहा कि खेल शरीर को स्वस्थ रखने के साथ युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता भी विकसित करते हैं। खेलों के जरिए युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा दी जा सकती है। इससे उनमें समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी विकसित होती है।

खिलाड़ियों ने दिया ‘नशे को ना, खेलों को हां’ का संदेश

कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों ने ‘नशे को ना, खेलों को हां’ का संदेश देते हुए नशे से दूर रहने का संकल्प लिया। योग और हैंडबॉल प्रतियोगिताओं के जरिए युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

पौधारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम के अंत में मौजूद लोगों ने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने, खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और पर्यावरण संरक्षण के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया।

सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशामुक्त जीवन अपनाने, खेलों के प्रति प्रेरित करने और स्वस्थ एवं सकारात्मक समाज के निर्माण में भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करना रहा।

कार्यक्रम में प्रशांत राय, जोगिंदर, अमरजीत, मस्तराम, विक्रम, संदीप डीपी, रजत मोर और भीम अवार्डी गुरमैल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m