Rajasthan News: राजस्थान में मंगलवार को प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव हुआ। राज्य के मुख्य सचिव सुधांश पंत का ट्रांसफर कर दिया गया है। 1991 बैच के वरिष्ठ IAS अधिकारी अब दिल्ली में सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय में सचिव के पद पर कार्यभार संभालेंगे। यह तबादला ऐसे समय हुआ है जब उनके रिटायरमेंट में महज 14 महीने बाकी थे, जिससे राज्य की प्रशासनिक गलियारों में सवाल खड़े हो गए हैं।

सुधांश पंत को मुख्यमंत्री और केंद्र सरकार के बीच समन्वय स्थापित करने वाला एक महत्वपूर्ण अधिकारी माना जाता था। प्रशासनिक दक्षता और दिल्ली में मजबूत संपर्क के कारण उन्हें इस केंद्रीय पद के लिए उपयुक्त माना गया। उनका जाना राज्य के कई प्रोजेक्ट्स और केंद्र-राज्य समन्वय को प्रभावित कर सकता है, हालांकि जल्द ही नए मुख्य सचिव की नियुक्ति की जाएगी। सुधांश पंत संभावित रूप से 1 दिसंबर 2025 से नई दिल्ली में पदभार संभाल सकते हैं।
जानकारों के अनुसार, पंत मुख्य सचिव का पद छोड़ने वाले कुछ अन्य आईएएस में शामिल हैं। इससे पहले 2013 में वसुंधरा राजे के कार्यकाल में राजीव महर्षि भी मुख्य सचिव का पद छोड़कर दिल्ली चले गए थे। इस अचानक बदलाव के बाद नए मुख्य सचिव को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
सुधांश पंत को 1 जनवरी 2024 को राजस्थान का मुख्य सचिव नियुक्त किया गया था। उन्हें राजस्थान कैडर के 1991 बैच के IAS के रूप में जयपुर में SDO के रूप में अपनी सेवाएँ शुरू करने के बाद जैसलमेर और झुंझुनू का कलेक्टर बनाया गया। इसके बाद विभिन्न पदों पर रहते हुए उन्होंने वन और पर्यावरण विभाग में प्रिंसिपल सचिव और राजस्थान प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के चेयरमैन के रूप में भी कार्य किया।
1967 में लखनऊ में जन्मे सुधांश पंत ने सेंट जोसेफ कॉलेज, नैनीताल से शिक्षा पूरी करने के बाद IIT खड़गपुर से बीटेक (ऑनर्स) किया। इसके बाद उन्होंने UPSC की तैयारी के लिए IIT मुंबई में कॉर्पोरेट ट्रेनी की नौकरी छोड़ी और नैनीताल के एक स्कूल में शिक्षक के रूप में काम किया।
पढ़ें ये खबरें
- नशाखोरी और मादक पदार्थों की तस्करी पर मुख्य सचिव सख्त, कलेक्टर-SP को कड़ी कार्रवाई के दिए निर्देश, शैक्षणिक संस्थानों का 500 मीटर दायरा होगा ड्रग-फ्री जोन
- हरियाणा निकाय चुनाव: बिना वोटर आईडी कार्ड भी डाल सकेंगे वोट, 10 मई को इन डाक्यूमेंट्स से मिलेगी एंट्री
- गंगोत्री से गंगासागर तक खिला ‘कमल’: जब मंच पर PM मोदी ने अपनी माला नए अध्यक्ष नितिन नवीन को पहना दी
- बंगाल आजाद हो गया, अब पंजाब की बारी: नायब सिंह सैनी
- हुड्डा का भाजपा पर तीखा हमला: महिला आरक्षण में देरी और बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर उठाए सवाल
