रायपुर/कांकेर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि बस्तर अंचल का चहुंमुखी विकास सुनिश्चित किया जाएगा. उन्होंने कहा कि प्रदेश नक्सलवाद से मुक्ति की ओर तेजी से बढ़ रहा है और इसके बाद बस्तर क्षेत्र में विकास की नई तस्वीर देखने को मिलेगी. मुख्यमंत्री साय आज कांकेर जिले के पखांजूर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए, जहां उन्होंने 284 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया.

नेताजी सुभाष स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने परलकोट क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं. इनमें बंग समाज के 135 ग्रामों की प्राथमिक शालाओं में नए शिक्षा सत्र से बांग्ला भाषा में पढ़ाई शुरू करने की घोषणा प्रमुख है. इसके साथ ही संबलपुर से दुर्गूकोंदल होते हुए पखांजूर तक सड़क निर्माण, पखांजूर मंडी गेट से अंजाड़ी नाला तक गौरव पथ, मछली मार्केट से नर-नारायण सेवा आश्रम तक सीसी सड़क, शासकीय कन्या शाला मैदान में बाउंड्रीवॉल निर्माण, पखांजूर में फायर ब्रिगेड सेवा शुरू करने और सिविल अस्पताल में धनवंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर खोलने की भी घोषणा की गई.

मुख्यमंत्री ने मकर संक्रांति की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार स्वच्छता, पारदर्शिता और मजबूत इच्छाशक्ति के साथ विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रही है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्पों के अनुरूप प्रदेश सरकार तेज गति से कार्य कर रही है. मुख्यमंत्री ने बताया कि दो वर्षों की अवधि में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 18 लाख आवासों की स्वीकृति दी गई है, जिनमें से अब तक 8 लाख हितग्राहियों ने गृह प्रवेश कर लिया है. वहीं महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख महिलाएं लाभान्वित हो रही हैं.
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आदिवासी बहुल क्षेत्रों में नियद नेल्लानार, धरती आबा अभियान, पीएम जनमन जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिससे विकास कार्यों को गति मिली है. मुख्यमंत्री तीर्थयात्रा योजना को पुनः प्रारंभ किया गया है. किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी की जा रही है.
कार्यक्रम को कांकेर सांसद भोजराज नाग और अंतागढ़ विधायक विक्रमदेव उसेंडी ने भी संबोधित किया.
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री साय ने नर-नारायण सेवा आश्रम पहुंचकर पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की. उन्होंने आश्रम के संस्थापक स्वामी सत्यानंद परमहंस के तैलचित्र और प्रतिमा का विधिवत पूजन किया. इसके बाद मुख्यमंत्री ने पखांजूर के मुख्य मार्ग पर स्थित परलकोट विद्रोह के क्रांतिकारी शहीद गैंद सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी.
इस अवसर पर विधायक आशाराम नेताम, राज्य हस्तशिल्प बोर्ड की अध्यक्ष शालिनी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण नरेटी, पूर्व सांसद मोहन मांडवी, पूर्व विधायक मंतूराम पवार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें


