Rajasthan News: यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कांग्रेस में लौटे महेंद्रजीत सिंह मालवीय पर तंज कसते हुए कहा कि जैसे वह कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए थे, वैसे ही अब भाजपा छोड़कर वापस कांग्रेस में जा रहे हैं।

रविवार को सीकर के श्रीमाधोपुर दौरे पर पहुंचे यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने तीन दिवसीय योग्यजन शिविर के समापन कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य विशेष योग्यजनों को आत्मनिर्भर बनाना है। ऐसे शिविरों से जरूरतमंदों को सीधा लाभ मिल रहा है और उनका आत्मविश्वास भी बढ़ रहा है। कार्यक्रम के दौरान व्हीलचेयर, ट्राइसाइकिल, श्रवण यंत्र सहित अन्य सहायक उपकरण वितरित किए गए।
मालवीय की वापसी पर मंत्री का तंज
मीडिया से बातचीत में मंत्री खर्रा ने महेंद्रजीत सिंह मालवीय की कांग्रेस वापसी पर कहा कि जब वह कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए थे, तब भी उन्होंने यही कहा था कि वहां दम घुट रहा है और मान-सम्मान नहीं मिल रहा। भाजपा में आने के बाद पार्टी ने उन्हें पूरा सम्मान दिया और बांसवाड़ा-डूंगरपुर लोकसभा सीट से उम्मीदवार भी बनाया।
उन्होंने कहा कि इसके बावजूद जनता ने उन्हें स्वीकार नहीं किया। यह जनता और मतदाताओं का फैसला है कि वे किसे चुनते हैं। अब यदि वह इसका दोष भाजपा पर डालना चाहते हैं, तो यह उनकी अपनी मर्जी है। जैसे वह कांग्रेस से भाजपा में आए थे, वैसे ही अब भाजपा से कांग्रेस में लौट रहे हैं।
SIR को लेकर कांग्रेस पर हमला
कांग्रेस द्वारा SIR को लेकर लगातार सवाल उठाए जाने पर मंत्री खर्रा ने कहा कि देश में SIR का काम पहली बार नहीं हो रहा है। इस प्रक्रिया के तहत जिन लोगों का निधन हो चुका है, उनके नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं। वहीं जिन मतदाताओं के नाम एक से अधिक जगह दर्ज हैं, उन्हें भी सूची से हटाया जा रहा है।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर इससे किसी को तकलीफ हो रही है और उनके वोट बैंक पर असर पड़ रहा है, तो इसका इलाज भाजपा के पास नहीं है। उन्होंने कहा कि शायद किसी वैद्य या हकीम के पास भी इस दर्द का कोई इलाज नहीं होगा।
पढ़ें ये खबरें
- ओडिशा में नक्सलवाद लगभग खत्म: सिर्फ 13 माओवादी सक्रिय, 31 मार्च डेडलाइन पर सरकार का बड़ा दावा
- इंदौर में ‘लुटेरी दुल्हन’ का खेल: नकली शादी कर लाखों लेकर फरार, कोर्ट ने पुलिस से मांगी रिपोर्ट
- Bilaspur Highcourt News : ट्रांसफर आदेश को चुनौती देने वाली याचिका खारिज, 3 साल से चल रहा स्टे भी समाप्त
- बिरनपुर में राहुल गांधी के नाम से जल रही ज्योत : मां शक्ति मंदिर में सत्ता वापसी के लिए कांग्रेसियों ने की विशेष प्रार्थना, गलतियों के लिए मांगी क्षमा
- लक्ष्मी पंचमी आज: जानें पूजा का शुभ मुहूर्त और धन-समृद्धि पाने के खास उपाय
